छत्तीसगढ़ / रायपुर

पीएम मोदी को नहीं दिखता गरीबों और किसानों का विकास : भूपेश बघेल

 अभनपुर । मुख्यमंत्री बघेल ने शुक्रवार को चुनावी जनसभा में पीएम मोदी और अडानी को आड़े हाथों लेते हुए जमकर हमला बोला। मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम मोदी छत्तीसगढ़ आते है लेकिन उन्हें यहाँ विकास नहीं दिखाई देता है। हमने किसानों की आय बढ़ाई, महिलाओं को रोजगार, युवाओं को बेरोजगारी भत्ता दिया, गांवों को समृद्ध बनाया, भूमिहीनों को सालाना 7 हजार रुपये की आर्थिक मदद समेत बेहतर शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराई है।

उन्होंने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि हमने छत्तीसगढ़ में गरीब, मजदूर, किसान, युवा, महिला और आदिवासियों के जीवन में बदलाव लाने का काम किया है, हमने आम आदमी का विकास किया है लेकिन पीएम मोदी जी को गरीबों का विकास नहीं दिखता है उन्हें सिर्फ अडानी का विकास ही दिखाई देता है।
 
मोदी राज में महंगाई उफान पर
मुख्यमंत्री ने भाजपा और प्रधानमंत्री मोदी के अच्छे दिनों के वादे को याद करते हुए कहा कि महंगाई कम करने के वादे को लेकर सरकार में आई भाजपा सरकार में महंगाई उफान पर है। उन्होंने कहा कि गैस सिलेंडर की कीमत में भारी बढ़ोत्तरी से रसोई का बजट गड़बड़ा गया है लेकिन मोदी सरकार महंगाई रोकने कोई कदम नहीं उठा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में हमारी सरकार की वापसी होने पर हम गैस सिलेंडर पर 500 रुपये की सब्सिडी देंगे।

राम के नाम पर हम वोट नहीं मांगते
जनसभा में मुख्यमंत्री ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि ये लोग का नारा है राम नाम जपना और पराया माल अपना, ये लोग भगवान राम के नाम पर वोट और नोट दोनों मांगते है लेकिन हम उनके नाम से वोट नहीं मांगते, राम हमारे आस्था का केंद्र है। हमारी सरकार ने भांचा राम के स्मृति चिन्हों को सहेजने के लिए श्रीराम वनगमन पर्यटन परिपथ के माध्यम से जहां-जहां उनके पग पड़े उन स्थानों का जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण कर रहे है।

Leave Your Comment

Click to reload image