ईडी के दावे के बाद रमन सिंह का CM बघेल पर हमला, बोले- 'अब समझ आया वो डरता क्यों है'
छत्तीसगढ़ में पहले चरण के मतदान में केवल तीन दिन बचे हैं, लेकिन चुनाव से ठीक पहले प्रवर्तन निदेशालय (ED) के सीएम भूपेश बघेल को लेकर किए गए दावे के बाद प्रदेश का सियासी भूचाल आ गया है. दरअसल, ईडी का ये दावा महादेव सट्टेबाजी ऐप के मामले से जुड़ा है.
ईडी ने महादेव सट्टेबाजी ऐप के प्रवर्तक की ओर से सीएम भूपेश बघेल को 508 करोड़ रुपये के भुगतान का दावा किया है. सीएम भूपेश बघेल को लेकर किए गए ईडी के इस दावे के बाद प्रदेश के पूर्व सीएम रमन सिंह ने मुख्यमंत्री पर हमला बोला है. पूर्व सीएम रमन सिंह ने कहा "अब तो स्पष्ट हो गया है कि महादेव एप 508 करोड़ रुपये सीएम भूपेश बघेल के पास आया है. असीम दास को गिरफ्तार किया गया है. और उसकी कार से 5.37 करोड़ रुपये जब्त हुए. असीम दास ने सीएम भूपेश बघेल के नाम से पैसे देने की बात कही. यही असीम दास महादेव ऐप का प्रमोटर भी है."
रमन सिंह ने सीएम भूपेश बघेल को घेरा
पूर्व सीएम ने कहा कि उसका (असीम दास महादेव ऐप से संबंध भी है. अब समझ में आ रहा है कि सीएम भूपेश बघेल ईडी से इतना डरते क्यों हैं और रोज सुबह शाम ईडी का नाम क्यों लेते रहते हैं. पूर्व सीएम ने कहा कि ईडी ने जब अपने शासकीय विज्ञ्पति में ये कहा कि 508 करोड़ रूपये का लेन-देन हुआ है, तो इसका मतलब ये हो गया कि छत्तीसगढ़ का मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जुआ, सट्टा और महादेव ऐप वालों से भी पैसे लिए हैं.
अब ये साफ हो गया कि सीएम का संरक्षण इस महादेव ऐप को मिला हुआ था और पुलिस की तरफ से भी कोई कार्रवाई नहीं की जा रही थी. बता दें छत्तीसगढ़ में चुनाव से ठीक पहले ईडी के महादेव सट्टेबाजी ऐप और सीएम भूपेश बघेल को लेकर किए गए दावे के बाद प्रदेश में हड़कंप मच गया है. राज्य में तीन दिन के बाद पहले चरण की 20 सीटों के लिए मतदान होना है. ऐसे में कांग्रेस ईडी के इस खुलासे की टाइमिंग पर सवाल उठा रही है.