छत्तीसगढ़ / रायपुर

छत्‍तीसगढ़ में सरकार बदलते ही इस्‍तीफे का दौर शुरू, बघेल के बाद महाधिवक्‍ता सतीश वर्मा, शिक्षा सचिव आलोक शुक्‍ला ने किया रिजाइन

 रायपुर। छत्‍तीसगढ़ में सरकार बदलते ही नई सरकार को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। रायपुर से दिल्‍ली तक बैठकों का दौर शुरू हो गया है। इधर, कांग्रेस के सत्‍ता से बाहर होते ही इस्‍तीफे का दौर शुरू हो गया है। मुख्‍यमंत्री भूपेश बघेल के बाद महाधिवक्‍ता सतीश वर्मा ने इस्‍तीफा दे दिया है। इधर, मुख्‍यमंत्री भूपेश बघेल के छह ओएसडी को भी हटा दिया गया है। सामान्‍य प्रशासन विभाग ने इसे लेकर आदेश जारी कर दिया है।प्रमुख सचिव स्कूल शिक्षा डा आलोक शुक्ला ने भी इस्तीफा दे दिया है। आलोक शुक्ला रिटायर्ड होने के बाद संविदा के तौर पर पद संभाल रहे थे। उन्होंने इस्तीफा देने के पीछे अपना व्यक्तिगत कारण बताया है। इसके साथ ही आलोक शुक्‍ला ने देवेन्‍द्रनगर स्थित आफिसर्स कालोनी में आवास खाली कर दिया है। ऐसा माना जा रहा है कि आने वाले समय कुछ और लोग भी इस्‍तीफा दे सकते हैं।

बतादें कि छत्तीसगढ़ चुनाव नतीजों में हार के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राज्यपाल बिस्वभूषण हरिचंदन को अपना इस्तीफा सौंप दिया है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल रविवार की रात साढ़े नौ बजे राजभवन पहुंचे। जहां उन्होंने अपना इस्तीफा सौंप दिया। बाद में उन्होंने मीडिया से कहा कि वे जनादेश का सम्मान करते हैं। पार्टी सकारात्मक विपक्ष के रूप में अपनी भूमिका निभाएगी। चुनाव परिणामों की समीक्षा की जाएगी।

 

Leave Your Comment

Click to reload image