छत्तीसगढ़ / रायपुर

सरस्वती निःशुल्क सायकल योजना से छात्राओं को मिली नई उड़ान

 निःशुल्क सायकल मिलने से मायावती की पढ़ाई को मिली रफ्तार, समय और मेहनत की हो रही बचत

रायपुर, 18 फरवरी 2026

शासन की सरस्वती सायकल योजना बालिकाओं की शिक्षा, सशक्तिकरण एवं आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो रही है। इस योजना के अंतर्गत छात्राओं को निःशुल्क सायकल प्रदान की जा रही है, जिससे उन्हें विद्यालय आने-जाने में सुविधा मिल रही है तथा समय और ऊर्जा की बचत हो रही है।

सूरजपुर जिला के  शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, चंदन नगर (विकासखंड प्रेमनगर) की छात्रा कु. मायावती को योजना के तहत निःशुल्क सायकल प्रदान की गई। मायावती का विद्यालय उसके घर से लगभग 4 किलोमीटर दूर स्थित है। पूर्व में उसे प्रतिदिन पैदल विद्यालय आना-जाना पड़ता था, जिससे शारीरिक थकान के साथ-साथ पढ़ाई के लिए मिलने वाला महत्वपूर्ण समय भी कम हो जाता था।

योजना बनी उम्मीद की किरण

सरस्वती निःशुल्क सायकल योजना का लाभ मिलने के बाद मायावती का जीवन काफी बदल गया है। अब वह प्रतिदिन सायकल से विद्यालय पहुँचती है। लंबी दूरी अब उसके लिए बाधा नहीं रही, बल्कि उसका सफर सुरक्षित, सुगम और आनंददायक बन गया है। सायकल मिलने से समय की बचत हो रही है, जिससे वह पढ़ाई पर अधिक ध्यान केंद्रित कर पा रही है। उसकी विद्यालय में उपस्थिति नियमित हुई है और आत्मविश्वास में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। मायावती ने शासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरस्वती सायकल योजना ने न केवल उसकी शिक्षा को सरल बनाया है, बल्कि उसके सपनों को भी नई दिशा दी है।

शिक्षा और सशक्तिकरण की ओर मजबूत कदम

सरस्वती सायकल योजना बालिकाओं को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रभावी साबित हो रही है। यह योजना न केवल छात्राओं के लिए सुविधा प्रदान कर रही है, बल्कि उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव भी मजबूत कर रही है।

Leave Your Comment

Click to reload image