केंद्रीय नीति आयोग के अधिकारियों और कलेक्टर ने पीएम श्री विद्यालय तथा आकांक्षी ब्लॉक के स्वास्थ्य शिविर का किया अवलोकन
जगदलपुर, 25 फरवरी 2026
केंद्रीय नीति आयोग के द्वारा बस्तर जिले के लिए नामांकित सेंट्रल प्रभारी अधिकारी श्री शोभित जैन, कलेक्टर श्री आकाश छिकारा, जिला पंचायत सीईओ श्री प्रतीक जैन ने जिले के पीएम श्री विद्यालय केंद्रीय विद्यालय जगदलपुर, पीएमश्री शासकीय प्राथमिक विद्यालय देऊरगांव तोकापाल तथा आकांक्षी ब्लॉक तोकापाल के छापर भानपुरी में आयोजित स्वास्थ्य शिविर का अवलोकन किया। उन्होंने पीएम श्री विद्यालय की व्यवस्थाओं, शैक्षणिक गतिविधियों, खेल गतिविधियों एव अन्य कलात्मक गतिविधियों का संज्ञान लिया, जगदलपुर के केंद्रीय विद्यालय में बच्चों द्वारा शैक्षणिक गतिविधियों की प्रदर्शनी के माध्यम से जानकारी दी गई, उनके द्वारा विज्ञान के माडल, कलात्मक प्रदर्शनी की अधिकारियों ने बहुत सराहना की और विद्यार्थियों का हौसला बढ़ाया। इसी प्रकार की गतिविधि देऊरगांव के पीएमश्री शासकीय प्राथमिक विद्यालय में भी किया गया था। इसके साथ ही विद्यालय के बच्चों के साथ न्यौता भोजन भी अधिकारियों ने किया ।
छापर भानपुरी में आयोजित स्वास्थ्य शिविर में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं, लाभार्थियों की उपस्थिति एवं व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की। इसके अलावा स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा 12 सेवाओं के लिए करंजी हेल्थ सेंटर को मिले प्रमाण पत्र को प्रदाय किए। साथ ही टीबी के मरीजों को रेडक्रॉस के माध्यम से फूड बास्केट का वितरण किया, पात्र हितग्राहियों को चश्मा का वितरण भी किया। कार्यक्रम में उन्होंने आयुष्मान कार्ड के लिए पंजीयन की प्रक्रिया को समझा और हितग्राहियों से चर्चा भी की । इसके उपरांत आयुष्मान आरोग्य मंदिर (उप स्वास्थ्य केंद्र) की स्वास्थ्य सेवाओं का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों ने स्वास्थ्य जांच, टीकाकरण, परामर्श एवं अन्य सुविधाओं की गुणवत्ता पर संतोष व्यक्त करते हुए सेवाओं को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया। इस दौरान उन्होंने जमीनी स्तर पर योजनाओं के क्रियान्वयन, लाभार्थियों तक पहुंच एवं समन्वय व्यवस्था की समीक्षा की।
आकांक्षी जिला एवं तोकापाल विकासखंड में संपूर्णता अभियान 2.0 की समीक्षा
भ्रमण के बाद जिला कार्यालय के आस्था सभाकक्ष में नामांकित सेंट्रल प्रभारी अधिकारी श्री शोभित जैन ने आकांक्षी जिले तथा विकासखंड तोकापाल में संपूर्णता अभियान 2.0 के तहत समीक्षा बैठक में विभिन्न विकासात्मक संकेतकों, योजनाओं की प्रगति एवं लक्ष्यों की प्राप्ति पर विस्तृत चर्चा की गई। समीक्षा के दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण एवं बुनियादी सुविधाओं से संबंधित गतिविधियों की प्रगति का आंकलन किया। सेंट्रल प्रभारी अधिकारी ने अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में जिला प्रशासन के अधिकारियों ने अभियान के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों एवं उपलब्धियों की जानकारी प्रस्तुत की। अधिकारियों ने आकांक्षी क्षेत्र में विकास की गति को और तेज करने के लिए समन्वित प्रयासों पर बल दिया। इस दौरान नीति आयोग की यंग प्रोफेशनल नूपुर गोहरी सहित जिला पंचायत के अन्य अधिकारी, संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में यंग प्रोफेशनल नूपुर गोहरी ने विभागों से योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही दिक्कतों के संबंध चर्चा भी की ।