छत्तीसगढ़ / रायपुर

महतारी वंदन योजना से बनीं महिलाओं के लिए प्रेरणा

 रायपुर, 9 मार्च 2026

छत्तीसगढ़ सरकार की महतारी वंदन योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनने की राह भी दिखा रही है। दुर्ग जिले के बघेरा गांव की रहने वाली कमलेश्वरी यादव इसकी एक मिसाल बनकर सामने आई हैं।

        कमलेश्वरी योजना से मिलने वाली राशि का सबसे ज्यादा उपयोग अपने बच्चों की शिक्षा और उनके उज्ज्वल भविष्य को संवारने में कर रही हैं। उनका मानना है कि शिक्षा ही वह माध्यम है जो आने वाली पीढ़ी को बेहतर अवसर और मजबूत आधार देता है। योजना से मिलने वाली नियमित आय से अब वे बच्चों की पढ़ाई, स्कूल फीस और जरूरी शैक्षणिक सामग्री का खर्च आसानी से उठा पा रही हैं। इससे परिवार पर आर्थिक दबाव भी कम हुआ है।

        कमलेश्वरी की पहल केवल अपने परिवार तक सीमित नहीं है। वे अपने क्षेत्र के स्व-सहायता समूह से सक्रिय रूप से जुड़ी हुई हैं और समूह की अन्य महिलाओं को भी योजना से मिलने वाली राशि का बेहतर उपयोग करने के लिए प्रेरित करती हैं। वे बताती हैं कि समूह की महिलाएं मिलकर छोटी-छोटी बचत को कार्यशील पूंजी के रूप में इस्तेमाल कर रही हैं। इस राशि से समूह के विभिन्न कार्यों और स्थानीय स्तर पर छोटे व्यवसायों में निवेश किया जा रहा है। इससे समूह की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है और महिलाओं में उद्यमिता की भावना भी बढ़ी है। आज कमलेश्वरी यादव बघेरा गांव की महिलाओं के लिए प्रेरणा बन गई हैं। 

Leave Your Comment

Click to reload image