छत्तीसगढ़ / सुकमा

जगरगुण्डा में बनेगी एजुकेशन सिटी : प्रशासनिक अधिकारियों ने किया दंतेवाड़ा के जावंगा मॉडल का अध्ययन

 सुकमा । जिले के जगरगुण्डा में एजुकेशन सिटी के निर्माण की दिशा में प्रशासन ने एक बड़ी और दूरदर्शी पहल की है। कलेक्टर अमित कुमार के नेतृत्व में इस महत्वाकांक्षी परियोजना को धरातल पर उतारने के लिए आवश्यक कार्ययोजना तैयार की जा रही है, जिससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ आधुनिक सुविधाएं भी उपलब्ध हो सकेंगी। यह कदम जगरगुण्डा सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों के लिए शिक्षा के क्षेत्र में एक नई उम्मीद बनकर उभरा है।

इसी क्रम में कलेक्टर द्वारा गठित 8 सदस्यीय अधिकारियों की विशेष टीम ने दंतेवाड़ा जिले की जावंगा एजुकेशन सिटी का अध्ययन भ्रमण कर वहां की व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। टीम ने आस्था, गुरुकुल, सक्षम, डीएवी, आईटीआई, ऑडिटोरियम, मेस, एकलव्य खेल परिसर एवं कन्या शिक्षा परिसर जैसे संस्थानों में जाकर शैक्षणिक, तकनीकी और प्रायोगिक संसाधनों का बारीकी से अवलोकन किया। इस दौरे से टीम को जावंगा मॉडल की सफल कार्यप्रणाली और व्यवस्थागत ढांचे की विस्तृत जानकारी प्राप्त हुई।

निरीक्षण के दौरान टीम में शामिल सहायक आयुक्त हेमंत सिन्हा, तहसीलदार योपेंद्र पात्रे, कार्यपालन अभियंता हिलोन ध्रुव, रविंद्र ताती, त्रिवेणीकांत गजेंद्र, एसडीओ गौरव सोनकिया, पीके प्रधानी एवं सहायक परियोजना समन्वयक आशीष राम को एजुकेशन सिटी जावंगा की विस्तृत जानकारी एपीसी समग्र शिक्षा दंतेवाड़ा राजेंद्र पांडे द्वारा दी गई। प्राप्त अनुभव और तथ्यात्मक आंकड़ों के आधार पर अब जगरगुण्डा में एजुकेशन सिटी के निर्माण की रूपरेखा को और अधिक सशक्त व व्यावहारिक बनाया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ शासन के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने बजट 2026 में जगरगुण्डा में एजुकेशन सिटी बनाने की घोषणा की थी। प्रशासन द्वारा तेजी से किए जा रहे प्रयास यह संकेत देते हैं कि यह परियोजना जल्द ही जमीन पर आकार लेगी। यह एजुकेशन सिटी क्षेत्र के युवाओं के लिए शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के नए अवसर पैदा करेगी तथा जगरगुण्डा को विकास के नए केंद्र के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Leave Your Comment

Click to reload image