कलेक्टर अमित कुमार ने तेंदूपत्ता खरीदी केंद्रों का लिया जायजा
मेहता और फायदागुड़ा में हितग्राहियों से की चर्चा
सुकमा । जिले में तेंदूपत्ता खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी और सुचारू बनाए रखने के लिए कलेक्टर अमित कुमार ने शुक्रवार को मेहता एवं फायदागुड़ा तेंदूपत्ता खरीदी केंद्र का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर पहुंचकर खरीदी केंद्र की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया और खरीदी रजिस्टर में की गई प्रविष्टियों का अवलोकन कर वास्तविक स्थिति की जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित वन अधिकारियों और कर्मचारियों को लक्ष्य के अनुरूप खरीदी कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर अमित कुमार ने स्पष्ट कहा कि तेंदूपत्ता संग्रहण ग्रामीणों की आजीविका से जुड़ा महत्वपूर्ण कार्य है, इसलिए हितग्राहियों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि खरीदी प्रक्रिया पूरी तरह व्यवस्थित रहे, केंद्रों में समय पर कार्य हो और सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं ताकि संग्रहणकर्ताओं को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने हितग्राहियों और ग्रामीणों से सीधे संवाद कर तेंदूपत्ता तोड़ने, सुखाने और विक्रय तक की संपूर्ण प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने भुगतान, बिक्री व्यवस्था और पत्तों की गुणवत्ता को लेकर भी चर्चा की। साथ ही फड़ मुंशी से प्रतिदिन तोड़ाई का समय, हितग्राहियों के आने का समय, पत्ता गिनती की प्रक्रिया तथा बारिश से नुकसान की स्थिति पर विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बारिश या अन्य प्राकृतिक कारणों से तेंदूपत्ता प्रभावित होने की स्थिति में सुखाने और भंडारण की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए ताकि हितग्राहियों को नुकसान न हो। निरीक्षण में व्यवस्था संतोषजनक पाई गई और कलेक्टर ने दोहराया कि खरीदी कार्य में पारदर्शिता, समयबद्धता और हितग्राही हित सर्वाेच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा हितग्राहियों को समय पर सही मूल्य और सुविधा उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है। इस अवसर पर एसडीएम सुभाष शुक्ला, जनपद सीईओ सुमित ध्रुव तथा वनाधिकारी उपस्थित थे।