छत्तीसगढ़ / जांजगीर-चाम्पा

तालाब में डूबने से दो सगी बहनों की मौत, गांव में पसरा मातम

 अर्जुनी । अर्जुनी गांव में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे में तालाब में डूबने से दो सगी बहनों की मौत हो गई। मृत बच्चियों की पहचान मुस्कान रात्रे (9) और श्रुति रात्रे (8) के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। जानकारी के अनुसार दोनों बहनें दोपहर करीब 12:30 बजे स्कूल के पास स्थित तालाब में अपनी दादी के साथ नहाने गई थीं। दादी तालाब किनारे कपड़े धो रही थीं, जबकि बच्चियां पानी में खेल रही थीं। इसी दौरान दोनों खेलते-खेलते गहरे पानी में चली गईं और डूब गईं।


कुछ देर बाद जब बच्चियां दिखाई नहीं दीं तो दादी ने शोर मचाया। ग्रामीणों ने तालाब में तलाश शुरू की और काफी मशक्कत के बाद दोनों बच्चियों को बाहर निकाला गया। उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अकलतरा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी।


ग्रामीणों का कहना है कि तालाब के आसपास सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे। घटना के बाद लोगों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं प्रशासन से तालाबों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की जा रही है।

Leave Your Comment

Click to reload image