सुशासन तिहार में प्राप्त आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करें - कलेक्टर
सक्ति |
2026-05-27 11:42:30
सक्ती : सुशासन तिहार में प्राप्त आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करें - कलेक्टर
अवैध रूप से खाद विक्रय एवं भण्डारण करने वाले दुकानदारों के विरूद्ध सख्त कार्रवाई करने के दिए निर्देश
कलेक्टर ने साप्ताहिक समय-सीमा की ली बैठक
सक्ती 26 मई 2026
कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्री अमृत विकास तोपनो ने आज कलेक्ट्रेट कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों एवं विभागीय योजनाओं के प्रगति की विस्तारपूर्वक समीक्षा की। कलेक्टर ने बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा करते हुए योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं लंबित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर ने सुशासन तिहार 2026 अंतर्गत विभिन्न विभागों में प्राप्त आवेदनों का विभागवार समीक्षा किया।
कलेक्टर ने कहा कि सुशासन तिहार अन्तर्गत जिले के विभिन्न चिन्हांकित स्थलों पर आयोजित होने वाले शिविरों में प्राप्त आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए। कलेक्टर ने शिविर में प्राप्त आवेदनों का गंभीरता से मौके पर ही परीक्षण कर पात्र हितग्राहियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का त्वरित लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने तेज गर्मी एवं बढ़ते तापमान को ध्यान में रखते हुए विद्युत विभाग के अधिकारियों कर्मचारियों को विद्युत व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं ताकि विद्युत आपूर्ति बाधित न हो।
समय सीमा की बैठक में कलेक्टर ने जिले में खाद भण्डारण एवं वितरण की स्थिति की जानकारी ली। कृषि विभाग के अधिकारी ने बताया कि जिले की सहकारी समितियों में खाद का भण्डारण किया गया है, जिसे किसानों को वितरण किया जा रहा है। कलेक्टर ने अवैध रूप से खाद विक्रय एवं भण्डारण करने वाले दुकानदारों के विरूद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने विभागवार समीक्षा के दौरान लंबित मामलों पर सभी विभागों को समय-सीमा में प्राथमिकता के आधार पर प्रकरणों का निराकरण करने के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर द्वारा जनगणना के कार्य, लोक सेवा गारंटी, लंबित पेंशन प्रकरणों, पीएम सुर्यघर मुफ्त बिजली योजना सहित अन्य विभागीय कार्यों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने तहसीलवार विवादित नामांतरण, खाता विभाजन, सीमांकन, व्यपवर्तन, नक्शा बटांकन, त्रुटि सुधार, आधार प्रविष्टि सहित अन्य राजस्व प्रकरणों की जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए।
इसी प्रकार कलेक्टर द्वारा पंचायत विभाग, लोक निर्माण विभाग, शिक्षा विभाग, विद्युत विभाग, खाद्य विभाग, सहकारिता विभाग, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग, मत्स्य पालन विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा पशु चिकित्सा विभाग सहित अन्य विभागों के कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई तथा आवश्यक निर्देश दिये गए। साथ ही विभागवार समय-सीमा के लंबित प्रकरणों, जनदर्शन एवं जनचौपाल में प्राप्त शिकायतों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री वासु जैन, अपर कलेक्टर श्री बालेश्वर राम, अपर कलेक्टर श्री के एस पैकरा, संयुक्त कलेक्टर श्री अरुण कुमार सोम, एसडीएम सक्ती सुश्री कावेरी मरकाम, एसडीएम मालखरौदा श्री रूपेंद्र पटेल, एसडीएम डभरा श्री विनय कुमार कश्यप, डिप्टी कलेक्टर श्री प्रीतेश राजपूत, जिला कोषालय अधिकारी श्री उपेन्द्र पटेल, महिला एवं बाल विकास अधिकारी श्री सुधाकर बोदले सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।