छत्तीसगढ़ / बस्तर

पुनर्वासित युवाओं के लिए विशेष स्वास्थ्य पहल,महारानी अस्पताल में नसबंदी खोलने हेतु वृहद ऑपरेशन शिविर आयोजित

 जगदलपुर : पुनर्वासित युवाओं के लिए विशेष स्वास्थ्य पहल,महारानी अस्पताल में नसबंदी खोलने हेतु वृहद ऑपरेशन शिविर आयोजित

 
 
 यूरोलॉजिकल सोसायटी वेस्टर्न जोन एवं एम्स रायपुर के यूरोलाजिस्ट दल के संयुक्त तत्वावधान में चैरिटेबल कैंप में विशेषज्ञों की मिली सेवाएं

जगदलपुर, 30 मई 2026
समाज की मुख्यधारा में शामिल हो चुके बस्तर के पुनर्वासित युवाओं के सामाजिक पुनर्स्थापन और बेहतर भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए महारानी अस्पताल जगदलपुर में जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के सहयोग से शनिवार को विशेष ऑपरेशन शिविर आयोजित किया गया। इस शिविर में यूरोलॉजिकल सोसायटी वेस्टर्न जोन तथा एम्स रायपुर के यूरोलॉजिस्ट दल द्वारा विशेष चेरिटेबल कैंप के तहत ईच्छुक पुनर्वासित युवाओं का नसबंदी खोलने (रिकैनालाइजेशन) संबंधी स्वास्थ्य परीक्षण और उपचार की प्रक्रिया शुरू की गई।

रिकैनालाइजेशन शिविर में 28 युवा पुनर्वासितों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा उनकी विस्तृत जांच के बाद नसबंदी खोलने के ऑपरेशन की प्रक्रिया संपादित की जाएगी। इस पहल से लाभान्वित होने वाले युवा पुनर्वासित अपने पारिवारिक और सामाजिक जीवन में पूर्ण सहभागिता सुनिश्चित कर सकेंगे तथा समाज की मुख्यधारा में सम्मानजनक जीवन व्यतीत करने की दिशा में आगे बढ़ सकेंगे।

इस अवसर पर इन पुनर्वासित युवाओं का उत्साहवर्धन करने के लिए कमिश्नर बस्तर संभाग श्री डोमन सिंह, आईजी बस्तर रेंज श्री सुंदरराज पी., कलेक्टर श्री आकाश छिकारा, पुलिस अधीक्षक श्री शलभ सिन्हा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं अधिकारियों ने उक्त युवाओं से संवाद कर उन्हें सकारात्मक जीवन की ओर अग्रसर रहने तथा शासन की पुनर्वास योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।इस मौके पर अधिकारियों ने वेस्टर्न जोन यूरोलाजिकल सोसाइटी तथा एम्स रायपुर के विशेषज्ञों को स्मृति चिह्न प्रदान कर उन्हें बस्तर में पुनः सेवायें देने उत्साहित किया।

उक्त ऑपरेशन शिविर के सफल आयोजन में स्वास्थ्य विभाग, जिला अस्पताल के चिकित्सकों एवं अन्य चिकित्सा कर्मचारियों ने विशेष सक्रियता और संवेदनशीलता के साथ सहभागिता निभाई। इस मौके पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ संजय बसाक, सिविल सर्जन डॉ संजय प्रसाद सहित अन्य विशेषज्ञ चिकित्सक व पैरामेडिकल स्टाफ उपस्थित थे।

Leave Your Comment

Click to reload image