छत्तीसगढ़ / महासमुंद

प्रतियोगी परीक्षा में जुटे छात्रों का सपना होगा साकार, जल्द शुरू होगा जिला ग्रंथालय

 महासमुंद । महासमुंद में जल्द ही जिला ग्रंथालय खुलने का सपना साकार होगा। लगभग 6 करोड़ की लागत से बने इस सर्वसुविधायुक्त भवन बनकर तैयार है। प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी में जुटे हजारों विद्यार्थियों के लिए यह सुनहरा अवसर प्रदान करेगा। इस संबंध में कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने आज केन्द्रीय ग्रंथालय संचालन के लिए ग्रंथालय समिति की आवश्यक बैठक ली।

बैठक में उन्होंने ग्रंथालय की बेहतर संचालन के लिए समिति सदस्यों से सुझाव आमंत्रित किए। उन्होंने कहा कि जिले में बड़ी संख्या में युवा प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी में जुटते हैं। इस उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए केन्द्रीय ग्रंथालय का संचालन किया जाएगा। ताकि उन्हें बेहतर से बेहतर सुविधाएं मिल सकें। संचालन के लिए शासकीय दिशा-निर्देशों के अनुरूप एवं अन्य जनभागीदारी मॉडल पर भी विचार किया गया। इसके अलावा ग्रंथालय के लिए मानव संसाधन की आवश्यकता का आंकलन किया गया तथा उनकी पूर्ति हेतु संसाधनों की समीक्षा की गई। कलेक्टर लंगेह ने कहा कि जिला ग्रंथालय का संचालन महत्वपूर्ण दायित्व है, जिसे 15 अगस्त तक संचालन किया जाना उचित होगा, जिससे विद्यार्थियों को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके। बैठक में अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं को तीन दिवस के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। बैठक में अपर कलेक्टर रवि साहू, शिक्षा विभाग, वित्त, हाऊसिंग बोर्ड, नगर पालिका एवं पंजीयन विभाग के जिला अधिकारी मौजूद थे।

Leave Your Comment

Click to reload image