कलेक्टर ने सेवानिवृत्त शासकीय सेवक को सौंपा पेंशन प्राधिकार पत्र
नारायणपुर । कलेक्टर नम्रता जैन ने कलेक्ट्रेट कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उद्यानिकी विभाग के सेवानिवृत्त कर्मचारी बिसराम कुलदीप माली के पद पर सेवा देने के पश्चात 31 जुलाई को सेवानिवृत हो गए। कलेक्टर नम्रता जैन के द्वारा उन्हें पेंशन प्राधिकार पत्र (पीपीओ) प्रदान किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर ने उन्हें शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया और उनके लंबे सेवाकाल की सराहना की।
कलेक्टर नम्रता जैन ने कहा कि सेवानिवृत्ति जीवन का एक नया और महत्वपूर्ण चरण है। उन्होंने कुलदीप को पेंशन राशि का विवेकपूर्ण उपयोग करने की सलाह देते हुए स्वस्थ, सुखमय एवं सम्मानपूर्ण जीवन की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी कुलदीप को सेवानिवृत्ति पर बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समारोह आत्मीय वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर जिला कोषालय अधिकारी हरीश साहू, उद्यानिकी विभाग के सहायक संचालक जितेश देहारी सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।