नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ का जिला स्तरीय शुभारंभ आज टाउन हॉल में
सांसद श्री विजय बघेल के मुख्य आतिथ्य में होगा आयोजन, युवाओं को दिलाई जाएगी नशामुक्ति की शपथ
बेमेतरा 01 अगस्त 2026
भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय तथा मेरा भारत के संयुक्त तत्वावधान में 02 अगस्त 2026 को देशभर में “नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान” का राष्ट्रीय शुभारंभ किया जाएगा। माननीय प्रधानमंत्री के नेतृत्व में शुरू होने वाले इस अभियान के तहत देशभर के लगभग 10 हजार स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे तथा एक करोड़ से अधिक युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है।
यह अभियान आगामी 100 सप्ताह तक प्रत्येक रविवार निरंतर संचालित होगा। अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना है।
इसी क्रम में जिला बेमेतरा में 02 अगस्त 2026 को टाउन हॉल में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दुर्ग लोकसभा सांसद श्री विजय बघेल होंगे।
कार्यक्रम में बेमेतरा विधायक श्री दीपेश साहू एवं साजा विधायक श्री ईश्वर साहू अति विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। वहीं जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कल्पना योगेश तिवारी, छत्तीसगढ़ रजककार बोर्ड के अध्यक्ष श्री प्रहलाद रजक, तेलघानी विकास बोर्ड के अध्यक्ष श्री जितेंद्र साहू, नगर पालिका परिषद बेमेतरा के अध्यक्ष श्री विजय सिन्हा, जनपद पंचायत बेमेतरा की अध्यक्ष श्रीमती हेमा जय दिवाकर, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि श्री अजय साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।
कार्यक्रम में जिले के विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों के विद्यार्थी, एनएसएस, एनसीसी, मेरा भारत के स्वयंसेवक, युवा क्लबों तथा विभिन्न युवा संगठनों की व्यापक सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। शुभारंभ अवसर पर उपस्थित युवाओं को नशामुक्ति का संकल्प दिलाया जाएगा तथा उन्हें नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए समाज में जागरूकता फैलाने का संदेश दिया जाएगा।
अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक, औद्योगिक एवं आध्यात्मिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही स्थानीय मीडिया एवं सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा, ताकि जिले में अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित हो सके और नशामुक्त, स्वस्थ एवं विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाया जा सके।