छत्तीसगढ़ / रायपुर

सेवा सेतु योजना से शासकीय सेवाएं हुईं सरल, यशवंत कुम्भकार को समय पर मिला आय प्रमाण पत्र

 ग्रामीण क्षेत्रों में आसान, पारदर्शी और समयबद्ध सेवाओं से बढ़ रहा आमजन का विश्वास

सेवा सेतु केंद्रों ने घटाई कार्यालयों की दौड़, समय और धन दोनों की हो रही बचत

रायपुर, 05 अगस्त 2026

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा सुशासन को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित सेवा सेतु योजना ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के नागरिकों के लिए अत्यंत उपयोगी साबित हो रही है। इस योजना के माध्यम से शासकीय सेवाओं को पहले से अधिक सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाया गया है। सेवा सेतु केंद्रों में आय, जाति, निवास सहित विभिन्न प्रमाण पत्रों एवं अन्य आवश्यक शासकीय सेवाओं का त्वरित लाभ मिलने से आम नागरिकों को अब सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं।

निर्धारित समय-सीमा में मिला आय प्रमाण पत्र
      मोहला-मानपुर-अम्बागढ़ चौकी जिले के चौकी निवासी श्री यशवंत कुम्भकार ने सेवा सेतु केंद्र, चौकी में आय प्रमाण पत्र के लिए आवेदन किया। आवेदन प्राप्त होने के बाद केंद्र के कर्मचारियों ने आवश्यक प्रक्रियाएं प्राथमिकता के आधार पर पूरी करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर उनका आय प्रमाण पत्र जारी कर दिया। समय पर प्रमाण पत्र मिलने से उन्हें अपनी आवश्यक शासकीय प्रक्रिया पूरी करने में किसी प्रकार की कठिनाई का सामना नहीं करना पड़ा।

एक ही स्थान पर पूरी हुई सभी औपचारिकताएं
      श्री यशवंत ने बताया कि पहले छोटे-छोटे शासकीय कार्यों के लिए भी कई बार कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे, जिससे समय और धन दोनों की हानि होती थी। सेवा सेतु केंद्र के माध्यम से एक ही स्थान पर सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी हो गईं और बिना किसी परेशानी के निर्धारित समय में आय प्रमाण पत्र प्राप्त हो गया। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था आम नागरिकों की सुविधा और सुशासन के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता का उत्कृष्ट उदाहरण है।

मुख्यमंत्री के प्रति जताया आभार
       श्री कुम्भकार ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय एवं छत्तीसगढ़ सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सेवा सेतु योजना ने ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए शासकीय सेवाओं को सहज, सुलभ और भरोसेमंद बना दिया है। इससे समय और संसाधनों की बचत होने के साथ-साथ शासन के प्रति लोगों का विश्वास भी मजबूत हुआ है।

Leave Your Comment

Click to reload image