छत्तीसगढ़ / गौरेला पेंड्रा मरवाही

सूरज की रोशनी बनी बचत की नई किरण

 पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना से लखन लाल कश्यप का बिजली बिल हुआ शून्य

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 6 अगस्त 2026

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की महत्वाकांक्षी पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना आम नागरिकों के जीवन में आर्थिक बचत के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण की नई चेतना जगा रही है। जिले के पेंड्रा निवासी श्री लखन लाल कश्यप इस योजना का लाभ लेकर न केवल अपने घर को सौर ऊर्जा से रोशन कर रहे हैं, बल्कि हरित ऊर्जा अपनाने के लिए अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणा बन गए हैं। श्री लखन लाल कश्यप ने बताया कि योजना की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने बिना देर किए आवेदन किया। आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद उनके घर की छत पर 5 किलोवॉट क्षमता का सोलर रूफटॉप प्लांट स्थापित किया गया। इस कार्य के लिए उन्हें केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा निर्धारित अनुदान का लाभ मिला, जिससे सोलर प्लांट लगाने की लागत काफी कम हो गई।
                 सोलर प्लांट स्थापित होने के बाद उनके घर का बिजली बिल पूरी तरह शून्य हो गया है। पहले जहां हर महीने बिजली बिल का भुगतान करना पड़ता था, वहीं अब सौर ऊर्जा के उपयोग से न केवल आर्थिक बचत हो रही है, बल्कि स्वच्छ और अक्षय ऊर्जा के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण में भी उनका महत्वपूर्ण योगदान सुनिश्चित हो रहा है। श्री लखन लाल का कहना है कि सौर ऊर्जा भविष्य की सबसे विश्वसनीय और किफायती ऊर्जा है। इससे प्रदूषण कम होता है, प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण होता है और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित करने में मदद मिलती है। 
                  उनका मानना है कि प्रत्येक पात्र परिवार को इस योजना का लाभ उठाकर अपने घर की छत पर सोलर रूफटॉप प्लांट अवश्य लगवाना चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना ने आम नागरिकों के लिए सौर ऊर्जा को सुलभ और किफायती बना दिया है। सरकार से प्राप्त सब्सिडी ने आर्थिक बोझ कम किया और आज वे बिना बिजली बिल की चिंता के स्वच्छ ऊर्जा का उपयोग कर रहे हैं।

Leave Your Comment

Click to reload image