दिगंबर जैन समाज के समयोपदेश वर्षायोग 2026 के अंतर्गत गूंजे धार्मिक मंत्र
रायपुर । मालवीय रोड स्थित दिगंबर जैन बड़ा मंदिर में आयोजित 'श्री नवोदय तीर्थ, श्री दिगंबर जैन आदिश्वर धाम "समयोपदेश वर्षायोग 2026" के पावन अवसर पर 6 अगस्त को प्रातःकाल से ही धार्मिक आयोजनों की श्रंखला में अभूतपूर्व उल्लास देखा गया। बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी बंधुओं ने मंदिर पहुंचकर जिनबिम्ब के दर्शन, पूजन और संतों के वचनों का लाभ उठाया।
प्रमुख धार्मिक अनुष्ठान एवं अभिषेक कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 8 बजे से मूलनायक भगवान के समक्ष नित्य नियम अभिषेक, शांतिधारा और पूजन के साथ हुई। आज के पावन अनुष्ठान में भगवान की शांतिधारा करने का सौभाग्य राजकुमार, नवीन, नमन मोदी परिवार तथा प्रभात, सीमा जैन परिवार को प्राप्त हुआ। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर जिनेन्द्र भगवान के जयकारों और भक्तिमय भजनों से गूंज उठा।
समयोपदेश वर्षायोग 2026 के तहत प्रतिदिन आयोजित हो रही धार्मिक कक्षाओं में जैन आगमों का गंभीर स्वाध्याय चल रहा है। आज के प्रातः काल मुनि पुनीत सागर के सानिध्य में जैन दर्शन के मूल ग्रंथ 'तत्त्वार्थ सूत्र' का गंभीर अध्ययन कराया गया। मुनि आगम सागर के सानिध्य में 'छहढाला' (प्रथम अध्याय) का पठन-पाठन हुआ। इसके उपरांत, मुनिश्री ने अपनी ओजस्वी मंगल देशना (प्रवचन) के माध्यम से उपस्थित श्रद्धालुओं को संयम, नैतिकता और आत्म-कल्याण का मार्ग दिखाया।
जैन परंपरा में मुनिसंघ को नवधाभक्ति के साथ आहार देना अत्यंत पुण्य का कार्य माना जाता है। आज रायपुर के सौभाग्यशाली परिवारों को मुनिसंघ को विधि-विधान और नवधा भक्ति के साथ आहार दान देने का दुर्लभ अवसर प्राप्त हुआ। जिसमें मुनि आगम सागर को श्रीमती रोहित जैन एवं पुष्पेंद्र जैन (टिल्लू) परिवार द्वारा, धैर्य सागर को श्रीमती रुचि जैन एवं श्रेयश जैन (बालू) परिवार द्वारा,स्वागत सागर को श्रीमती पुष्पा जैन एवं बंशीलाल परिवार द्वारा आहार दिया गया।
वर्षायोग समिति के अध्यक्ष नरेंद्र जैन गुरुकृपा एवं कार्यकारी अध्यक्ष संजय नायक जैन ने जानकारी दी कि सांयकाल के सत्र में भी विशेष धार्मिक आयोजनों में प्रतिदिन सायं 7 बजे से मूलनायक भगवान के समक्ष 'भक्तांबर विधान' का भव्य आयोजन किया जा रहा है, जिसमें जैन समाज के सैकड़ों लोग सम्मिलित होकर रिद्धि-सिद्धि की कामना कर रहे हैं।भक्तांबर विधान के पश्चात एलक धैर्य सागर के सानिध्य में विशेष प्रवचन एवं धार्मिक कक्षाएं संचालित हो रही हैं, जिससे श्रद्धालुओं को निरंतर आध्यात्मिक ऊर्जा प्राप्त हो रही है।
दिगंबर जैन नवोदय तीर्थ आदिश्वरधाम समयोपदेश वर्षायोग 2026 समिति ने रायपुर एवं आसपास के सभी धर्मप्रेमी बंधुओं से अधिक से अधिक संख्या में पधारकर इन आयोजनों का लाभ उठाने की विनम्र अपील की है।