छत्तीसगढ़ / रायपुर

कच्चे घर से पक्के आशियाने तक, सोमारी बघेल का सपना हुआ पूरा

 प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) से मिला सुरक्षित घर, बदली पूरे परिवार की जिंदगी

रायपुर, 9 अगस्त 2026

 कच्चे घर से पक्के आशियाने तक, सोमारी बघेल का सपना हुआ पूरा

प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण सुकमा जिले के जरूरतमंद परिवारों के जीवन में बड़ा बदलाव ला रही है। ग्राम पंचायत बोकड़ाओडर, जनपद पंचायत छिंदगढ़ निवासी श्रीमती सोमारी बघेल का वर्षों पुराना पक्का घर बनाने का सपना अब पूरा हो गया है। योजना के तहत मिले पक्के मकान ने उनके परिवार को सुरक्षा, सम्मान और बेहतर जीवन की नई शुरुआत दी है।

बारिश में टपकती छत, हर दिन चिंता
       सोमारी बघेल का परिवार लंबे समय तक कच्चे और जर्जर मकान में रहता था। बारिश के दिनों में छत से पानी टपकता था, दीवारें कमजोर हो जाती थीं और सांप- बिच्छुओं का डर बना रहता था। परिवार को हर मौसम में असुरक्षा और परेशानी का सामना करना पड़ता था।

योजना से मिला पक्का घर
      पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की पहल से सोमारी बघेल का नाम प्रधानमंत्री आवास योजना- ग्रामीण की पात्रता सूची में शामिल किया गया। दस्तावेजों के सत्यापन के बाद उन्हें आवास स्वीकृत हुआ। योजना के तहत तीन चरणों में कुल 1.20 लाख रुपये की वित्तीय सहायता मिली, जिससे उन्होंने अपना पक्का और सुरक्षित घर बना लिया।

अन्य योजनाओं का भी मिला लाभ
       प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के साथ अन्य शासकीय योजनाओं का भी लाभ मिला। मनरेगा के तहत मजदूरी और स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत शौचालय निर्माण की सुविधा प्राप्त हुई। इससे परिवार को स्वच्छ और सम्मानजनक जीवन जीने का बेहतर अवसर मिला।

अब जीवन सुरक्षित और निश्चिंत
       श्रीमती सोमारी बघेल बताती हैं कि पहले बारिश के समय सबसे अधिक चिंता घर की होती थी, लेकिन अब पक्का घर मिलने से पूरा परिवार सुरक्षित और निश्चिंत है। बच्चों के लिए भी बेहतर माहौल मिला है और भविष्य के प्रति विश्वास बढ़ा है।

प्रधानमंत्री आवास बेहतर भविष्य की नई उम्मीद
       सोमारी बघेल की यह कहानी दिखाती है कि प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण केवल एक घर नहीं देती, बल्कि गरीब परिवारों को सुरक्षा, सम्मान, आत्मविश्वास और बेहतर भविष्य की नई उम्मीद भी देती है।

Leave Your Comment

Click to reload image