छत्तीसगढ़ / नारायणपुर

आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौटे नक्सलियों को मिला प्रोत्साहन 19.73 लाख रुपये की राशि वितरित

 पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल ने किया राशि का वितरण’

नारायणपुर,अगस्त 2026

जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान के साथ-साथ हिंसा का रास्ता छोड़कर समाज की मुख्यधारा में लौटने वाले लोगों को सम्मानजनक एवं सुरक्षित जीवन प्रदान करने की दिशा में जिला प्रशासन और पुलिस द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आज पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल एवं अपर कलेक्टर श्री बीरेंद्र बहादुर पंचभाई की उपस्थिति में कार्यालय पुलिस अधीक्षक के सभा कक्ष में आत्मसमर्पित नक्सलियों को शस्त्रों के एवज में स्वीकृत प्रोत्साहन राशि का वितरण किया गया।

शासन की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति के अंतर्गत शस्त्रों के साथ आत्मसमर्पण करने वाले 50 आत्मसमर्पित नक्सलियों के लिए उनके द्वारा जमा किए गए शस्त्रों के एवज में कुल 70 लाख 68 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि स्वीकृत की गई है। इसी क्रम में आज 18 आत्मसमर्पित नक्सलियों को कुल 19 लाख 73 हजार 500 रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई। यह राशि शासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति के तहत स्वीकृत की गई है। जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग द्वारा आत्मसमर्पण करने वाले व्यक्तियों को हिंसा का रास्ता छोड़कर शांति, विकास और लोकतांत्रिक व्यवस्था से जुड़ने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। पुनर्वास नीति के माध्यम से आत्मसमर्पित नक्सलियों को विभिन्न प्रकार की सहायता एवं सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, ताकि वे अपने परिवार के साथ सम्मानजनक जीवन व्यतीत कर सकें और रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों से जुड़कर आत्मनिर्भर बन सकें। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल ने आत्मसमर्पित नक्सलियों को शासन की पुनर्वास योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने तथा अपने परिवार के साथ बेहतर भविष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि हिंसा का रास्ता छोड़कर विकास, शांति और लोकतंत्र की राह अपनाना न केवल संबंधित व्यक्ति और उसके परिवार, बल्कि पूरे समाज और क्षेत्र के हित में महत्वपूर्ण कदम है। शासन की नीतियों का उद्देश्य आत्मसमर्पित लोगों को समाज में सम्मानजनक स्थान दिलाते हुए उन्हें स्थायी रूप से मुख्यधारा से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि आत्मसमर्पण करने वाले शेष पात्र हितग्राहियों को भी नियमानुसार उनकी स्वीकृत प्रोत्साहन राशि का वितरण किया जाएगा। इस अवसर पर एडिशनल एसपी अजय सिंह, अक्षय सबद्रा, डिप्टी कलेक्टर सौरभ दीवान उपस्थित थे।

Leave Your Comment

Click to reload image