छत्तीसगढ़ / सारंगढ़-बिलाईगढ़

साइबर ठगी पर सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस का शिकंजा, 7 थीम पर जागरूकता अभियान

 सारंगढ़-बिलाईगढ़ । साइबर अपराधियों पर शिकंजा कसने और लोगों को ऑनलाइन ठगी से बचाने के लिए छत्तीसगढ़ पुलिस का साइबर जागृति अभियान जिले में भी शुरू किया गया है। पुलिस प्रशासन सात अलग-अलग थीम के जरिए जिलेभर में लोगों को साइबर अपराधों से बचाव के तरीके बताएगा।

जिले के एसपी सुनील शर्मा ने प्रेसवार्ता में अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि अलग-अलग वर्गों को ध्यान में रखते हुए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। स्कूल और कॉलेजों में विद्यार्थियों को डिजिटल सतर्कता और बेसिक साइबर सुरक्षा की जानकारी दी जाएगी।

वहीं बैंकिंग और वित्तीय संस्थानों में UPI फ्रॉड और ऑनलाइन ठगी से बचने के तरीकों के बारे में लोगों को जागरूक किया जाएगा। वरिष्ठ नागरिकों के लिए डिजिटल अरेस्ट और फर्जी कॉल को लेकर टाउन हॉल कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

पुलिस सोशल मीडिया के जरिए भी साइबर जागरूकता अभियान चला रही है। इसके तहत साइबर जागरूकता सेल्फी और QR कोड के माध्यम से लोगों तक जरूरी जानकारी पहुंचाई जा रही है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी अनजान व्यक्ति के कॉल, मैसेज या लिंक पर भरोसा न करें। OTP, PIN, पासवर्ड और बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा न करें। पुलिस का संदेश है कि सतर्क और सावधान रहकर ही साइबर ठगी से बचा जा सकता है।

Leave Your Comment

Click to reload image