शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय में मानसिक स्वास्थ्य व नशा मुक्ति पर कार्यशाला आयोजित
नारायणपुर । शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय, नारायणपुर में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए आयोजित इंडक्शन प्रोग्राम के अंतर्गत जिला मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम द्वारा मानसिक स्वास्थ्य एवं नशा मुक्ति विषय पर विशेष जागरूकता कार्यशाला एवं शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य के महत्व से परिचित कराना, नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक बनाना तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था। कार्यशाला में जिला मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम की टीम ने विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य के विभिन्न पहलुओं, तनाव प्रबंधन, सकारात्मक सोच एवं भावनात्मक संतुलन के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही युवाओं में नशे की बढ़ती प्रवृत्ति, इसके सामाजिक, पारिवारिक एवं मानसिक कारणों तथा इससे होने वाले शारीरिक एवं मानसिक दुष्प्रभावों पर भी प्रकाश डाला गया।
विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को तंबाकू, शराब एवं अन्य मादक पदार्थों के सेवन से होने वाली गंभीर बीमारियों के बारे में बताया। इसके अलावा नशा मुक्ति केंद्रों, परामर्श सेवाओं तथा शासन द्वारा संचालित विभिन्न उपचार एवं पुनर्वास योजनाओं की जानकारी भी साझा की गई। कार्यशाला के दौरान नशे और अपराध के बीच संबंध पर चर्चा करते हुए युवाओं को आपराधिक गतिविधियों से दूर रहने तथा जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया गया। यह कार्यक्रम मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला नारायणपुर के निर्देशानुसार आयोजित किया गया। कार्यक्रम का संचालन नोडल अधिकारी डॉ. बी.एन. बानपुरिया (एनएमएचपी) एवं डॉ. याखीलेश्वरी ठाकुर (एनटीसीपी) के मार्गदर्शन में किया गया। इस अवसर पर असिस्टेंट नोडल अधिकारी छत्रपाल साहू, क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट मनोज देवांगन तथा सीनियर नर्सिंग ऑफिसर उमेश कुमार वर्मा ने विद्यार्थियों को विषय विशेषज्ञ के रूप में संबोधित किया और उनके प्रश्नों का समाधान किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में महाविद्यालय के प्राचार्य एवं समस्त शिक्षकगणों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। विद्यार्थियों ने भी कार्यशाला में उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए मानसिक स्वास्थ्य एवं नशा मुक्ति से जुड़े विषयों पर अपनी जिज्ञासाएं व्यक्त कीं। कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय के विद्यार्थियों एवं स्टाफ को नशा मुक्त भारत निर्माण तथा मानसिक स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की शपथ दिलाई गई। सभी प्रतिभागियों ने संकल्प लिया कि वे स्वयं किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहेंगे तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज को भी नशा मुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करेंगे।