24 अगस्त को छिंदगढ़ विकासखंड में मेगा आयुष्मान कैंप, 186 टीमें संभालेंगी मोर्चा
सुकमा । कलेक्टर अमित कुमार के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में 24 अगस्त सोमवार को छिंदगढ़ ब्लॉक के विभिन्न ग्रामों में मेगा आयुष्मान कैंप का आयोजन किया जा रहा है। ग्रामीणों को स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से इस अभियान में 186 टीमें मैदान में उतारी गई हैं। कैंप में स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाएंगे।
जिला समन्वयक आयुष्मान कार्ड अमृतेश ठाकुर ने बताया कि मेगा कैंप का आयोजन सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक किया जाएगा। कुन्ना, मिचवार, डब्बा, पुसगुन्ना, कुंदनपाल, अधिकारीरास, पालेम, पेरमारास, कावराकोपा, चिड़पाल, कंकेपाल, टाहकवाड़ा, चियुरवाड़ा, टोंगरास, बोदरास, पेदारास, कुकानार, कोडरीपाल-2, सौतनार, कोकावाड़ा, गुम्मा, नेतानार, तालनार, गंजेनार, कवासीरास, उरमापाल, गुड़रा, मेखावाया, चिपुरपाल और केरातोंग समेत 30 गांवों में कैंप लगाए जाएंगे जिसमें 186 टीमों को आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए लगाया जाएगा।
जिला प्रशासन ने सभी ग्रामीणों से अपील की है कि वे अपने नजदीकी मेगा आयुष्मान कैंप में पहुंचकर अपना आयुष्मान कार्ड जरूर बनवाएं। प्रशासन का उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र लोगों को शासन की निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधाओं से जोड़ना है, ताकि जरूरत के समय उन्हें बेहतर इलाज का लाभ आसानी से मिल सके।