स्कूली बच्चों को तनाव प्रबंधन के उपायों की दी गई जानकारी
रायपुर । दंतेवाड़ा कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव के निर्देश एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अजय रामटेके के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम अंतर्गत जिले में स्कूली बच्चों के बीच मानसिक तनाव प्रबंधन को लेकर जागरूकता कार्यशालाओं का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में आज छुलो आसमान परिसर बालूद में विद्यार्थियों के लिए तनाव प्रबंधन विषय पर कार्यशाला आयोजित की गई।
कार्यशाला में विद्यार्थियों को तनाव के कारणों, उससे बचाव तथा मानसिक दबाव से प्रभावी ढंग से निपटने के उपायों की जानकारी दी गई। विशेष रूप से परीक्षा की तैयारी के दौरान होने वाले तनाव को कम करने के लिए समय प्रबंधन, सकारात्मक सोच और नियमित दिनचर्या अपनाने पर जोर दिया गया। विद्यार्थियों को मानसिक दबाव की स्थिति में अपनी बात खुलकर रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर समय पर सहायता लेने के लिए भी प्रेरित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने पढ़ाई के दबाव, परीक्षा के डर, एकाग्रता में कमी तथा पारिवारिक अपेक्षाओं से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को लेकर सवाल पूछे, जिनका विशेषज्ञों द्वारा विस्तारपूर्वक समाधान बताया गया। जिला नोडल अधिकारी डॉ. देश दीपक ने बताया कि जिले के समस्त आश्रम एवं पोटाकेबिन में नियमित रूप से मानसिक तनाव प्रबंधन एवं मानसिक स्वास्थ्य के संबंध में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि विद्यार्थियों को तनावमुक्त एवं सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।