छत्तीसगढ़ / सुकमा

प्रयास आवासीय विद्यालयों में कक्षा 9वीं के लिए तृतीय काउंसिलिंग 09 सितंबर तक

 मुंगेली,सितंबर 2026

छत्तीसगढ़ राज्य में संचालित प्रयास आवासीय विद्यालयों के सत्र 2026-27 में कक्षा 9वीं में प्रवेश के लिए तृतीय काउंसिलिंग की प्रक्रिया 09 सितंबर 2026 तक आयोजित की जाएगी। काउंसिलिंग के लिए पात्र छात्र-छात्राओं की सूची एवं तिथि विभागीयhttps://eklavya.cg.nic.in/  वेबसाइट पर प्रदर्शित की गई है। सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग ने बताया कि काउंसिलिंग सूची में दर्शित आबंटित प्रयास आवासीय विद्यालयों में प्रतिदिन सुबह 11 बजे से शाम 04 बजे तक काउंसिलिंग की जाएगी। वहीं प्रयास बालक/कन्या आवासीय विद्यालय जिला बीजापुर के कक्षा 9वीं में प्रवेश के लिए काउंसिलिंग प्रयास कन्या आवासीय विद्यालय गुढ़ियारी, जनता कॉलोनी, एपीसीआई गोदाम के पास, रायपुर में आयोजित होगी। सीट रिक्त रहने की स्थिति में प्रतीक्षा सूची के विद्यार्थियों के लिए काउंसिलिंग 10 से 15 सितंबर 2026 तक की जाएगी। शासकीय अवकाश दिवस 04 से 06 सितंबर तथा 12 से 15 सितंबर तक काउंसिलिंग आयोजित नहीं होगी।

इन दस्तावेजों के साथ पहुंचना होगा

   काउंसिलिंग में शामिल होने वाले विद्यार्थियों को निर्धारित तिथि पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होना अनिवार्य है। इनमें कक्षा 8वीं में प्रथम श्रेणी (60 प्रतिशत) उत्तीर्ण अंकसूची, पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी नक्सल पीड़ित प्रमाण पत्र, 10 रूपए के नॉन-ज्यूडिशियल स्टाम्प पर अल्पसंख्यक वर्ग संबंधी नोटरी सत्यापन प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र एवं विशेष पिछड़ी जनजाति प्रमाण पत्र शामिल हैं। विशेष श्रेणी से चयनित विद्यार्थियों को दिव्यांगता, दिव्यांग माता-पिता के बच्चे, अनाथ, विधवा माता के बच्चे, परित्यक्ता महिला के बच्चे तथा पुलिस/अर्द्धसैनिक/सशस्त्र बल/शहीद सैनिक के बच्चों से संबंधित प्रमाण पत्र भी प्रस्तुत करना होगा। काउंसिलिंग के बाद प्रवेश की पात्रता होने पर तीन दिवस के भीतर संबंधित प्रयास आवासीय विद्यालय में प्रवेश लेना होगा। इसके लिए जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा काउंटर हस्ताक्षरित स्थानांतरण प्रमाण पत्र तथा जिला चिकित्सा अधिकारी द्वारा जारी सिकलसेल जांच प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य है।

Leave Your Comment

Click to reload image