छत्तीसगढ़ / गौरेला पेंड्रा मरवाही

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही : सेवा संकल्प अभियान में सहभागिता के लिए कलेक्टर ने सर्व समाज प्रमुखों से की अपील

 प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष की सेवा पूर्ण होने के अवसर पर जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ का आयोजन किया जा रहा है। अभियान को जनभागीदारी के साथ सफल बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. ने आज कलेक्ट्रेट के अरपा सभाकक्ष में सर्व समाज प्रमुखों की बैठक लेकर अभियान में सक्रिय सहभागिता की अपील की। उन्होंने समाज प्रमुखों को अभियान की रूपरेखा एवं विभिन्न गतिविधियों की जानकारी देते हुए कहा कि सेवा, समर्पण और जनभागीदारी की भावना को मजबूत करते हुए जिले में अभियान को व्यापक स्वरूप दिया जाए। उन्होंने अभियान के प्रथम दिवस 17 सितंबर को मल्टीपरपस स्कूल मैदान पेंड्रा में आयोजित ‘आशीर्वाद का दिया’ समारोह में सर्व समाज प्रमुखों एवं नागरिकों को सहभागिता के लिए आमंत्रित किया। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री मनोज खिलारी एवं वन मंडलाधिकारी श्री निशांत कुमार ने भी अभियान के तहत आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों के संबंध में जानकारी दी। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मुकेश रावटे ने 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक संचालित होने वाली गतिविधियों एवं कार्ययोजना से समाज प्रमुखों को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत ‘आशीर्वाद का दिया’, ‘मेरे सपनों का भारत-चित्र सेवा’, ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’, ‘आंगन मिलन सेवा’, ‘सेवा की कहानी’, ‘सेवा संकल्प यात्रा’, ‘सेवा ज्योति कलश’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘जल जन सेवा संकल्प’, ‘सेवा सेतु अभियान’, ‘सेवा के रंग राष्ट्र के संग’, ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चौलेंज’ तथा ‘सुशासन सेवा संवाद’ सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। कलेक्टर ने समाज प्रमुखों से अपील की कि वे अपने-अपने समाज के सदस्यों एवं नागरिकों को अभियान से जोड़ते हुए सेवा और जनकल्याण की भावना के साथ अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करें। बैठक में विभिन्न समाजों के प्रमुख एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

 

Leave Your Comment

Click to reload image