गौरेला-पेंड्रा-मरवाही : समय-सीमा बैठक में सीएम हेल्पलाइन सहित विभिन्न पोर्टलों पर लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण करने कलेक्टर ने अधिकारियों को दिए निर्देश
कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. ने साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में जिले में जन समस्याओं एवं जन शिकायतों के निराकरण की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का गंभीरता से परीक्षण करते हुए समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि शासन की योजनाओं एवं कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन करते हुए पात्र हितग्राहियों को समय पर योजनाओं का लाभ दिलाना प्रशासन की प्राथमिकता है। कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शिकायतों के निराकरण में केवल औपचारिकता न हो, बल्कि आवेदक की समस्या का वास्तविक समाधान सुनिश्चित किया जाए। इसी प्रकार मुख्यमंत्री जन शिकायत, मुख्यमंत्री निवास जनदर्शन एवं कलेक्टर जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों का समुचित परीक्षण कर प्राथमिकता के साथ निराकरण करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए। बैठक में कलेक्टर ने डिजिटल क्रॉप सर्वे का कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने एग्रीस्टेक बकेटस क्लेम तैयार करने तथा किसान पंजीयन कार्य में अपेक्षित प्रगति लाने कहा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं हो तथा शासन की योजनाओं का लाभ पात्र किसानों तक समय पर पहुंचे। कलेक्टर ने जिला चिकित्सालय में स्वीकृत विभिन्न निर्माण एवं अन्य कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुरूप शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग में संविदा पदों पर भर्ती के लिए प्राप्त दावा-आपत्तियों का निराकरण कर अंतिम चयन सूची जिले की वेबसाइट पर अपलोड करने के निर्देश भी दिए।
कलेक्टर ने स्कूलों में अति आवश्यक मरम्मत कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराने कहा, ताकि विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध हो सके। उन्होंने लोक निर्माण विभाग की परियोजनाओं के लिए नव अधिग्रहीत भूमियों के नामांतरण और राजस्व अभिलेख में मौजूदा सड़कों-आम रास्तों को अद्यतन करने कहा, ताकि शासकीय निर्माण एवं विकास कार्यों में भविष्य में किसी प्रकार की राजस्व संबंधी समस्या उत्पन्न नहीं हो। उन्होंने जिले के बैगा-गुनिया समुदाय के लिए कार्यशाला आयोजित कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से संरक्षित एवं पारंपरिक ज्ञान से जुड़े समुदायों के लिए योजनाओं और आवश्यक विषयों की जानकारी प्रभावी ढंग से पहुंचाई जाए। उन्होंने जिले की सभी मेडिकल दुकानों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने की स्थिति की जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही तीन लाख रुपये से अधिक की शासकीय सामग्री की खरीदी जेम पोर्टल के माध्यम से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने नगरीय क्षेत्र पेंड्रा एवं गौरेला में शहरी उप स्वास्थ्य केंद्रों के भवन निर्माण के लिए उपयुक्त शासकीय भूमि चिन्हित करने के निर्देश संबंधित तहसीलदारों को दिए। उन्होंने भूमि चिन्हांकन की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कर आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने कहा, ताकि स्वास्थ्य अधोसंरचना से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाया जा सके। कलेक्टर ने पीएमओ पोर्टल में लंबित सात आवेदनों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को इनका शीघ्रता से निराकरण सुनिश्चित करने कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि उच्च स्तर से प्राप्त आवेदनों एवं जन शिकायतों के निराकरण में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। बैठक में वन मंडलाधिकारी श्री कुमार निशांत, जिला पंचायत सीईओ श्री मुकेश रावटे, अपर कलेक्टर श्री दिलेराम डाहिरे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अविनाश मिश्रा, एसडीएम पेंड्रा रोड श्री अमित वेक, एसडीएम मरवाही सुश्री निकिता मरकाम सहित सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।