छत्तीसगढ़ / सुकमा

सेवा संकल्प गाथा : पीएम किसान सम्मान निधि बनी अन्नदाताओं का मजबूत संबल

 सुकमा के किसान श्री अनंत राम ने जाहिर की खुशी, प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी को दिया धन्यवाद

सुकमा, 17 सितम्बर 2026

केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना ‘पीएम किसान सम्मान निधि’ सुकमा जैसे दूरस्थ अंचलों में किसानों के लिए आर्थिक संबल और खुशहाली का नया जरिया साबित हो रही है। इस योजना के तहत किसानों को मिलने वाली 6,000 रूपए की वार्षिक वित्तीय सहायता ने सीधे तौर पर ग्रामीण अर्थव्यवस्था और खेती-किसानी को नई गति दी है। समय पर सीधे बैंक खाते में मिलने वाली यह राशि बुआई के मौसम में बीज, खाद, कीटनाशक और जुताई जैसी बुनियादी जरूरतों को बिना किसी साहूकार या कर्ज के दबाव के पूरा करने में मददगार बन रही है।
   ग्राम चिपुरपाल (ब्लॉक छिंदगढ़) के कृषक श्री अनंत राम नाग ने योजना के प्रति आभार व्यक्त करते हुए बताया कि हर साल मिलने वाले 6,000 रुपये उनके लिए केवल आर्थिक मदद नहीं, बल्कि जीवन को आसान बनाने का एक ठोस जरिया हैं। उन्होंने कहा कि इस राशि से उनकी खेती-किसानी की राह सुगम हुई है और साथ ही परिवार के भरण-पोषण में भी बड़ा सहारा मिल रहा है। संकट और जरूरत के वक्त मिलने वाले इस सहयोग से उनके परिवार की आर्थिक स्थिति अधिक सुरक्षित और स्थिर हुई है।
  कृषक श्री अनंत राम नाग ने इस जनकल्याणकारी योजना के लिए देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के प्रति तहे दिल से आभार जताया। प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर उन्हें शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए कहा कि सुकमा के वनांचल व दूरस्थ क्षेत्रों में बैठे अन्नदाताओं की चिंता कर उन तक सीधा लाभ पहुँचाना सरकार की किसान-हितैषी नीति का प्रत्यक्ष प्रमाण है। यह योजना आज देश के करोड़ों छोटे और सीमांत किसानों के चेहरे पर संतोष और आत्मनिर्भरता ला रही है।

Leave Your Comment

Click to reload image