हसदेव नदी के कुदरी बैराज तट पर जगमगाए ‘आशीर्वाद का दिया’
रंगोली में साकार हुआ विकसित भारत 2047 और प्रधानमंत्री आवास योजना का संदेश, सेवा-सुशासन के संकल्प के साथ जुटे ग्रामीण
रायपुर, सितंबर 2026

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन एवं राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत जांजगीर-चांपा जिले में जनभागीदारी के साथ ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। हसदेव नदी के कुदरी बैराज तट पर सैकड़ों दीपों के प्रज्वलन से पूरा परिसर रोशन हो उठा। दीपों के माध्यम से सेवा, सुशासन, विकास और जनकल्याण के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण विकसित भारत 2047 और प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़े संदेशों को दर्शाती आकर्षक रंगोली रही। रंग-बिरंगे रंगों से सजी रंगोली के मध्य प्रज्वलित ‘आशीर्वाद का दीया’ ने कार्यक्रम को विशेष स्वरूप दिया। हसदेव नदी के तट पर दीपों की रोशनी और रंगोली के माध्यम से विकास, जनकल्याण और राष्ट्र निर्माण की भावना को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया गया।
कार्यक्रम में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। उपस्थित लोगों ने ‘सेवा संकल्प अभियान’ के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने तथा सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर इंजी. मंजूषा पाटले, श्री सुशील सिंह, श्री सतीश शर्मा, जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता श्री सुधीर सुखदेव, तहसीलदार श्री शशिभूषण सोनी, एसडीओ श्री रविकांत तथा ग्राम पंचायत कुदरी के सरपंच प्रतिनिधि श्री आर.के. यादव सहित अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन एवं राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित किया जा रहा है। अभियान के दौरान सेवा, जनकल्याण, जनजागरूकता और जनभागीदारी से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।