सेवा संकल्प अभियान के शुभारंभ पर गूंजा नशा मुक्ति का संदेश
छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से युवाओं और आम नागरिकों को किया जागरूक
नशे के दुष्परिणामों को जीवंत प्रस्तुति के जरिए किया उजागर
रायपुर, 17 सितम्बर 2026

सेवा संकल्प अभियान के शुभारंभ अवसर पर अम्बिकापुर के गांधी स्टेडियम मैदान में नशा मुक्ति एवं जनजागरूकता को लेकर नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कन्या अम्बिकापुर की छात्राओं ने प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर युवाओं और आम नागरिकों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया।
छात्राओं ने अपनी प्रस्तुति के माध्यम से नशे की बढ़ती प्रवृत्ति और उसके व्यक्ति, परिवार तथा समाज पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। नाटक में बताया गया कि नशे की आदत व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित करने के साथ ही पारिवारिक संबंधों में तनाव, आर्थिक परेशानियों और विभिन्न सामाजिक समस्याओं का कारण बन सकती है।
नुक्कड़ नाटक के माध्यम से छात्राओं ने युवाओं से नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों ने छात्राओं की प्रस्तुति की सराहना करते हुए नशा मुक्ति के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने की आवश्यकता पर जोर दिया।