प्रधानमंत्री जनमन आवास से बदली फूलेश की जिंदगी, पहाड़ी कोरवा परिवार को मिला पक्का आशियाना
अम्बिकापुर 18 सितम्बर 2026
सेवा संकल्प और लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के अभियान के तहत प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना (ग्रामीण) जरूरतमंद परिवारों के लिए सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन का आधार बन रही है। ग्राम पंचायत आमादरहा, जनपद पंचायत अम्बिकापुर की पहाड़ी कोरवा जनजाति की हितग्राही श्रीमती फूलेश पति श्री बाबूलाल के जीवन में भी इस योजना ने खुशियों की नई शुरुआत की है।
फूलेश का परिवार लंबे समय से कच्चे मकान में रहने को मजबूर था। मिट्टी की दीवारों और कमजोर छत वाले घर में बारिश के दिनों में पानी टपकने से परिवार को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। परिवार के लिए सुरक्षित और पक्का घर एक सपना था।
दो लाख रुपये की स्वीकृति से पूरा हुआ पक्का घर
वर्ष 2023-24 में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) अंतर्गत प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत फूलेश के आवास को 2.00 लाख रुपये की लागत से स्वीकृति मिली। समय पर प्राप्त किस्तों और जनपद पंचायत की ओर से मिले तकनीकी मार्गदर्शन से उन्होंने अपने पक्के आवास का निर्माण पूरा किया। आज फूलेश अपने पति के साथ अपने नए पक्के घर के सामने गर्व से खड़ी हैं। घर की दीवार पर प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना का लोगो भी अंकित है, जो उनके जीवन में आए इस बदलाव की कहानी बयां करता है।
घर मिलने और सुरक्षित महसूस करने से चेहरे पर आई खुशी-
फूलेश कहती हैं, “पहले हम कच्चे घर में बहुत तकलीफ में रहते थे। बारिश के दिनों में घर में पानी टपकता था। सरकार ने हमें पक्का मकान दिया है। अब हमारे बच्चे भी घर में सुरक्षित रहते हैं। प्रधानमंत्री जी और मुख्यमंत्री जी को बहुत-बहुत धन्यवाद।” प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना ने फूलेश के परिवार को सिर्फ एक पक्का मकान ही नहीं दिया, बल्कि सुरक्षा, सम्मान और बेहतर भविष्य की उम्मीद भी दी है। विशेष रूप से पहाड़ी कोरवा जैसी विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह (च्टज्ळ) के परिवारों के लिए यह योजना उनके जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हो रही है।