छत्तीसगढ़ / धमतरी

कुरूद में उद्योगपतियों एवं उद्यमियों की बैठक आयोजित

 धमतरी । कुरूद विधानसभा क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार, आवश्यक अधोसंरचना के विकास तथा स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित करने के उद्देश्य से आज कुरूद में उद्योगपतियों एवं उद्यमियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता विधायक  अजय चंद्राकर ने की। बैठक में क्षेत्र में संचालित एवं प्रस्तावित औद्योगिक क्षेत्रों की आवश्यकताओं, उद्यमियों की समस्याओं तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं कौशल विकास को बढ़ावा देने के संबंध में विस्तार से चर्चा हुई।

विधायक  अजय चंद्राकर ने कहा कि क्षेत्र में औद्योगिक विकास के लिए आवश्यक आधारभूत सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मेगा फूड पार्क बगौद में विद्युत सब-स्टेशन का कार्य प्रारंभ हो चुका है, जिसे शीघ्र पूर्ण करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आवश्यकता के अनुरूप फीडर कैनाल से जल उपलब्ध कराने की व्यवस्था पर भी विचार किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में मेगा फूड पार्क बगौद एवं जामगांव औद्योगिक क्षेत्र संचालित हैं। वहीं करेली बड़ी, कचना एवं भालूझूलन में नवीन औद्योगिक क्षेत्रों को प्रारंभ करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। इन औद्योगिक क्षेत्रों के विकसित होने से क्षेत्र में निवेश, उत्पादन एवं रोजगार के नए अवसरों को बढ़ावा मिलने की संभावना है।

श्री चंद्राकर ने कहा कि क्षेत्र में परिवहन एवं कनेक्टिविटी से जुड़ी सुविधाओं के विस्तार का लाभ भी औद्योगिक गतिविधियों को मिलेगा। बड़ी रेल लाइन का कार्य पूर्ण होने तथा एयरपोर्ट की निकटता से क्षेत्र की कनेक्टिविटी बेहतर होगी, जिससे उद्योगों के लिए आवागमन एवं माल परिवहन की सुविधाएं और सुदृढ़ होंगी।

उन्होंने स्थानीय युवाओं को उद्योगों की आवश्यकता के अनुरूप प्रशिक्षित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने बताया कि जामगांव में आईटीआई का शुभारंभ किया गया है तथा क्षेत्र के विभिन्न आईटीआई में अलग-अलग ट्रेड संचालित हैं। इन संस्थानों के माध्यम से उद्योगों की मांग के अनुरूप कुशल मानव संसाधन तैयार करने और स्थानीय युवाओं को रोजगार से जोड़ने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने उद्योगपतियों से भी स्थानीय युवाओं को प्रशिक्षण एवं रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने में सक्रिय सहयोग की अपेक्षा की।

उद्यमियों ने रखीं विभिन्न समस्याएं एवं मांगें

बैठक में उद्यमियों ने औद्योगिक क्षेत्रों में जल उपलब्धता, बैंक ऋण, बाउंड्री वॉल, अतिक्रमण, लीज रेंट में राहत तथा औद्योगिक क्षेत्र के स्वरूप में परिवर्तन सहित विभिन्न समस्याओं एवं मांगों से अवगत कराया। उद्यमियों द्वारा प्रस्तुत विषयों पर संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ चर्चा की गई तथा नियमानुसार परीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही किए जाने की बात कही गई।

बैठक में काशी लेदर एवं सीजी ग्रामोद्योग इंडस्ट्रीज द्वारा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के उद्यमियों के लिए 100 प्रतिशत अनुदान तथा चरण पादुका योजना के अंतर्गत स्थानीय निर्माताओं से जूते-चप्पल क्रय किए जाने की मांग रखी गई।

इसी क्रम में मार्बल सेंटर इंडिया, कोडापार द्वारा स्थानीय युवाओं को ऑन-जॉब ट्रेनिंग उपलब्ध कराने की सहमति व्यक्त की गई। राघव इंडस्ट्रीज द्वारा उद्योग की आवश्यकता के अनुरूप कंप्यूटर एवं अंग्रेजी भाषा में दक्ष कर्मचारियों की आवश्यकता से अवगत कराया गया। इससे स्थानीय स्तर पर कौशल विकास एवं रोजगार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई।

बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि क्षेत्र में औद्योगिक विकास को केवल निवेश तक सीमित न रखते हुए स्थानीय संसाधनों के मूल्य संवर्धन, स्थानीय युवाओं के कौशल विकास, रोजगार सृजन और उद्यमिता को बढ़ावा देने से जोड़ा जाए। उद्योगों की आवश्यकताओं और उपलब्ध मानव संसाधन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए उद्योग एवं प्रशिक्षण संस्थानों के बीच संवाद को निरंतर बनाए रखने पर भी चर्चा हुई।

बैठक में प्राप्त समस्याओं एवं सुझावों का संबंधित विभागों द्वारा नियमानुसार परीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही किए जाने पर सहमति बनी। बैठक को क्षेत्र में उद्योगों के अनुकूल वातावरण विकसित करने तथा प्रशासन, उद्योग जगत और स्थानीय युवाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा गया।

 

 

Leave Your Comment

Click to reload image