छत्तीसगढ़ / सूरजपुर

सेवा संकल्प अभियान के तहत छात्राओं ने अधिकारों, कर्तव्यों और सामाजिक सहभागिता का दिया संदेश

 नुक्कड़ नाटक में छात्राओं ने अभिनय से समझाया संविधान का पाठ और योजनाओं के प्रति किया जागरूक

सूरजपुर/19 सितम्बर 2026

सेवा, जागरूकता और जनभागीदारी के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शासकीय नवीन कन्या महाविद्यालय सूरजपुर में नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। कलेक्टर श्रीमती रेना जमील के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाते हुए भारतीय संविधान, नागरिक अधिकारों एवं कर्तव्यों तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत की।
               कार्यक्रम में छात्राओं द्वारा  सरल संवादों, रोचक अभिनय और सामाजिक सरोकारों से जुड़े संदेशों के माध्यम से छात्राओं ने बताया कि भारतीय संविधान प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार प्रदान करता है। संविधान केवल अधिकारों की जानकारी देने वाला दस्तावेज नहीं, बल्कि नागरिकों को राष्ट्र और समाज के प्रति उनके कर्तव्यों का बोध कराने वाला मार्गदर्शक भी है। लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होने के साथ-साथ संवैधानिक कर्तव्यों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करना चाहिए।
                   नुक्कड़ नाटक के माध्यम से संविधान की प्रस्तावना में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के मूल्यों को सहज भाषा में समझाया गया। प्रस्तुति में सामाजिक समरसता, आपसी सद्भाव, राष्ट्र की एकता और अखंडता तथा सभी नागरिकों के प्रति सम्मान की भावना को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया गया। छात्राओं ने बताया कि संविधान में निहित आदर्श प्रत्येक नागरिक को बिना किसी भेदभाव के सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अधिकार देते हैं। इन मूल्यों को दैनिक जीवन में अपनाकर ही एक जागरूक, संवेदनशील और सशक्त समाज का निर्माण किया जा सकता है।
             कार्यक्रम में नागरिकों के मौलिक अधिकारों के साथ उनके मौलिक कर्तव्यों की जानकारी भी दी गई। छात्राओं ने अपनी प्रस्तुति से संविधान का सम्मान करने, सार्वजनिक संपत्ति की रक्षा करने, पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने, वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने तथा समाज में भाईचारे की भावना को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित किया। 

जनकल्याणकारी योजनाओं की दी गई जानकारी
नुक्कड़ नाटक के माध्यम से शासन द्वारा समाज के विभिन्न वर्गों के कल्याण के लिए संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों के बारे में भी जानकारी साझा की गई। छात्राओं ने अभिनय के माध्यम से यह समझाने का प्रयास किया कि जानकारी के अभाव में कई बार पात्र व्यक्ति योजनाओं का लाभ प्राप्त करने से वंचित रह जाते हैं। ऐसे में प्रत्येक जागरूक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह अपने आसपास के लोगों को योजनाओं की जानकारी दे और पात्र हितग्राहियों को संबंधित विभाग अथवा कार्यालय तक पहुंचने के लिए प्रेरित करे।
                 प्रस्तुति में शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, सामाजिक सुरक्षा और आर्थिक स्वावलंबन से जुड़े सरकारी प्रयासों की उपयोगिता को रेखांकित किया गया। छात्राओं ने बताया कि लोककल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने शासन और नागरिकों के बीच जागरूकता की मजबूत कड़ी विकसित होने से योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन संभव है। युवा वर्ग इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। शिक्षित युवा योजनाओं की सही जानकारी समाज तक पहुंचाकर भ्रम और गलत सूचनाओं को दूर कर सकते हैं। इसके साथ ही जरूरतमंद व्यक्तियों को आवेदन प्रक्रिया तथा संबंधित विभाग से संपर्क करने के लिए प्रेरित कर सकते हैं। छात्राओं ने प्रस्तुति के माध्यम से सामाजिक परिवर्तन के सहभागी के रूप में आगे आने का संदेश दिया।

Leave Your Comment

Click to reload image