छत्तीसगढ़ / सूरजपुर

निर्माण श्रमिकों को मिलेगी क्यूआर कोड युक्त डिजिटल पहचान

 सूरजपुर । छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल द्वारा निर्माण श्रमिकों की सुविधा के लिए क्यूआर कोड युक्त नवीन पंजीयन कार्ड (स्मार्ट आईडी कार्ड) जारी किया गया है। नवीन व्यवस्था का शुभारंभ श्रमिक महासम्मेलन में किया गया।

नई व्यवस्था के तहत पूर्व में जारी सामान्य पंजीयन कार्ड के स्थान पर अब निर्माण श्रमिकों का आधुनिक एवं सुरक्षित क्यूआर कोड युक्त पंजीयन कार्ड जनरेट होगा। कार्ड पर अंकित क्यूआर कोड को स्कैन करने पर श्रमिक की पात्रता के अनुसार संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी तत्काल प्राप्त की जा सकेगी।

पंजीकृत निर्माण श्रमिक अपनी सुविधा के अनुसार डिजिटल पहचान पत्र को टिकाऊ पीवीसी कार्ड के रूप में भी प्रिंट करा सकेंगे। नवीन प्रारूप के कार्ड से संबंधित जानकारी एवं प्रिंट की सुविधा नजदीकी लोक सेवा केंद्र तथा अधीनस्थ श्रम संसाधन केंद्रों में उपलब्ध होगी।

श्रम विभाग ने जिले के समस्त पंजीकृत निर्माण श्रमिकों से अपने नवीन क्यूआर कोड युक्त पंजीयन कार्ड की जानकारी प्राप्त करने तथा मंडल द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की है।

 

 

Leave Your Comment

Click to reload image