छत्तीसगढ़ / कांकेर

आधार ऑपरेटरों को नवीन नियमों एवं प्रक्रियाओं का दिया गया प्रशिक्षण

 उत्तर बस्तर कांकेर । जिले के समस्त आधार ऑपरेटरों का एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम 22 सितंबर, मंगलवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में यूआईडीएआई, क्षेत्रीय कार्यालय हैदराबाद के असिस्टेंट मैनेजर आशीष कुमार ने जिले के आधार ऑपरेटरों को आधार से संबंधित विभिन्न विषयों पर विस्तारपूर्वक प्रशिक्षण प्रदान किया।

प्रशिक्षण के दौरान विशेष रूप से नाम में परिवर्तन से संबंधित यूआईडीएआई द्वारा जारी नई एसओपी की जानकारी दी गई। साथ ही यूआईडीएआई द्वारा जारी विभिन्न अनुबंधों एवं संबंधित दिशा-निर्देशों के बारे में भी विस्तार से बताया गया। जन्मतिथि में सुधार से संबंधित प्रकरणों में आवश्यक दस्तावेज, संबंधित अनुबंध तथा निर्धारित प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई। प्रशिक्षण में मामूली से गंभीर तथा बड़े से छोटे स्तर के सुधार संबंधी प्रकरणों के निराकरण की प्रक्रिया को भी समझाया गया। आधार ऑपरेटरों द्वारा कार्य के दौरान की जाने वाली विभिन्न त्रुटियों, नियमों के उल्लंघन तथा ऐसी त्रुटियों पर निर्धारित पेनल्टी के संबंध में भी जानकारी दी गई। ऑपरेटरों को निर्देशित किया गया कि आधार संबंधी सभी कार्य यूआईडीएआई के निर्धारित नियमों एवं दिशा-निर्देशों के अनुरूप सावधानीपूर्वक किए जाएं, ताकि हितग्राहियों को गुणवत्तापूर्ण एवं सुगम आधार सेवाएं उपलब्ध हो सकें।

प्रशिक्षण के दौरान आधार सेवाओं से संबंधित हितग्राहियों की विभिन्न समस्याओं एवं प्रकरणों पर चर्चा की गई तथा कई समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया। जिले के सभी आधार ऑपरेटरों ने प्रशिक्षण में उपस्थित होकर नवीन दिशा-निर्देशों एवं प्रक्रियाओं की जानकारी प्राप्त की। प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य आधार सेवाओं में कार्य की गुणवत्ता एवं शुद्धता सुनिश्चित करना तथा आधार ऑपरेटरों को यूआईडीएआई के नवीनतम नियमों, प्रक्रियाओं एवं दिशा-निर्देशों से अवगत कराना रहा।

Leave Your Comment

Click to reload image