*लोरमी में निकली गणेश विसर्जन की भव्य झांकी, उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने किया स्वागत- अभिनंदन*
मुंगेली |
2026-09-25 15:38:35
*लोरमी में निकली गणेश विसर्जन की भव्य झांकी, उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने किया स्वागत- अभिनंदन*
*उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने गणेश समितियों को बधाई दी, सनातन संस्कृति की युवा बढ़ाएं आगे*
*झांकियों को देखने उमड़ा लोरमी, भक्ति और उत्साह से सराबोर हुआ नगर*
लोरमी - उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने गुरुवार को लोरमी के मुंगेली चौक में आयोजित गणेश विसर्जन झांकी प्रतियोगिता में विभिन्न गणेश समितियों की झांकियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने झांकी में शामिल समितियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस दौरान झांकियों के माध्यम से बस्तर में नक्सल उन्मूलन और विकास की तस्वीर को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। साथ ही नशा मुक्ति का संदेश भी दिया गया।
गौरतलब है कि, उप मुख्यमंत्री श्री साव की पहल पर लोरमी नगर में युवाओं को भारतीय संस्कृति और अध्यात्म से जोड़ने के उद्देश्य से गणेश विसर्जन झांकी निकालने की परंपरा शुरू की गई है। लगातार दूसरे वर्ष आयोजित इस प्रतियोगिता में युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
युवाओं ने आकर्षक झांकियों के माध्यम से धार्मिक, सांस्कृतिक भावनाओं एवं सामाजिक बदलाव लाने के प्रयास को सुंदर रूप में प्रस्तुत किया गया। इसमें गणेश समितियों की रचनात्मकता और उत्साह दिखाई दिया। पूरे आयोजन में श्रद्धा और भक्ति का माहौल बना रहा।
गणेश विसर्जन झांकी को देखने के लिए पूरा लोरमी नगर उमड़ पड़ा। बड़ी संख्या में नगरवासियों ने झांकियों का उत्साहपूर्वक स्वागत किया। भक्ति, संस्कृति और उल्लास से भरी इस झांकी ने लोरमी में गणेशोत्सव की भव्यता को बढ़ाया।