छत्तीसगढ़ / सूरजपुर

शब्दों से समृद्ध होंगे बच्चे, बेहतर व्यवस्था से निखरेंगे विद्यालय

 मास्टर ट्रेनर्स को मिला नवाचारों का प्रशिक्षण

शब्दबीज और सूर्योदय सूरजपुर से बदलेगी शिक्षा की तस्वीर, प्रशिक्षण में बनी क्रियान्वयन की रणनीति

सूरजपुर सितंबर 2026

कलेक्टर श्रीमती रेना जमील के निर्देशन एवं जिला पंचायत सीईओ श्री विजेन्द्र सिंह पाटले के मार्गदर्शन तथा जिला शिक्षा अधिकारी श्री अशोक सिन्हा के नेतृत्व में जिले के शैक्षिक नवाचार शब्दबीज और सूर्याेदय सूरजपुर के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिला स्तरीय प्रशिक्षण तक्षशिला ग्रंथालय सूरजपुर में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारी, बीआरसी तथा सभी विकासखण्ड से चयनित मास्टर ट्रेनर्स शामिल हुए। प्रशिक्षण का संचालन प्रधानपाठक श्री गौतम शर्मा एवं शिक्षक श्री विजय बरगाह द्वारा किया गया।
                 प्रशिक्षण में बताया गया कि शब्दबीज के तहत जिले के सभी शासकीय प्राथमिक कक्षाओं के बच्चों को प्रतिदिन एक नया, उपयोगी शब्द सिखाया जाएगा। बच्चे उस शब्द को सुनेंगे, बोलेंगे, पढ़ेंगे, लिखेंगे, समझेंगे और वाक्यों व दैनिक जीवन में उसका प्रयोग करेंगे। इसके लिए प्रतिदिन 10 मिनट की गतिविधि, शब्दबीज पट्ट, मेरी शब्दबीज डायरी, साप्ताहिक शब्द उत्सव, माह का शब्दवीर और शब्दबीज चौंपियन जैसी गतिविधियां आयोजित होंगी। प्रशिक्षण में यह बताया गया कि इस नवाचार का उद्देश्य केवल शब्द याद कराना नहीं, बल्कि उनका व्यवहारिक प्रयोग कराना है। इससे बच्चों के शब्द-भंडार, पठन, लेखन, संवाद क्षमता और आत्मविश्वास को मजबूती मिलेगी।
                  इसके साथ ही सूर्याेदय सूरजपुर के तहत विद्यालय परिसर की स्वच्छता, कक्षाओं की व्यवस्था, कार्यात्मक शौचालय, डस्टबीन, वृक्षारोपण, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति पर जोर दिया गया। वीएसके ऐप, मोबाइल कॉल सेंटर और सूचना कोना के माध्यम से उपस्थिति व पालक संपर्क को प्रभावी बनाया जाएगा।
                 राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप एफएलएन, समयबद्ध अध्यापन, गृहकार्य, कॉपी जांच, टीएलएम, उपचारात्मक शिक्षण और शिक्षक डायरी के नियमित संधारण को अनिवार्य किया गया। प्रार्थना सभा, खेलकूद, निबंध, वाद-विवाद, रंगोली और बैगलेस डे जैसी गतिविधियों से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर भी बल दिया जाएगा। मध्यान्ह भोजन में पौष्टिक आहार, पोषण वाटिका, न्योता भोज,स्वास्थ्य परीक्षण, अपार आईडी, एमबीयू और हरित एवं स्वच्छ विद्यालय रेटिंग पर भी विशेष ध्यान रहेगा। विद्यालयों की प्रगति की मासिक समीक्षा होगी। प्रत्येक माह 24 से 27 तारीख तक अंतर-संकुल मूल्यांकन और 28-29 तारीख को विकासखंड स्तर पर ग्रेडिंग की जाएगी।
                जिला प्रशिक्षण के बाद मास्टर ट्रेनर्स विकासखंड स्तर पर शिक्षकों को प्रशिक्षित करेंगे। अधिकारियों ने नियमित मॉनिटरिंग और फीडबैक के माध्यम से नवाचारों को विद्यार्थियों के वास्तविक सीखने से जोड़ने पर जोर दिया। इस अवसर पर  डिप्टी कलेक्टर यशवंत देवांगन, जिला मिशन समन्वयक मनोज कुमार साहू, सहायक संचालक शिक्षा अजय सिंह और एडीपीओ चन्द्रपाल कुशवाहा उपस्थित रहे।

Leave Your Comment

Click to reload image