छत्तीसगढ़ / कांकेर

आंगन मिलन सेवा कार्यक्रमों में योजनाओं की जानकारी के साथ आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान

 सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीणों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ महिलाओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं मितानिनों को सम्मानित भी किया जा रहा है।

बडेतोपाल में सांसद भोजराज नाग ने किया आंगन मिलन कार्यक्रम में सहभागिता
अंतागढ़ विकासखण्ड के ग्राम पंचायत बडेतोपाल के आंगनबाड़ी केंद्र में आयोजित आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कांकेर लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री भोजराज नाग शामिल हुए। उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों को शासन की महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में महिलाओं एवं बच्चों के हित में कार्य कर रहीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं आशा दीदियों को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के उपरांत आंगनबाड़ी केंद्र में न्यौता भोज का आयोजन किया गया। इस दौरान सांसद श्री भोजराज नाग ने स्वयं अपने हाथों से बच्चों को भोजन वितरित किया। कार्यक्रम में श्री जितेन्द्र मरकाम, श्री महेश उइके, श्री अमरसिंह नरवास एवं ग्राम पंचायत बडेतोपाल के उप सरपंच एवं पंचगण, परियोजना अधिकारी श्री जगेश्वर परते, पर्यवेक्षक सुश्री कृष्णा पवार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण महिला-पुरुष उपस्थित रहे।

विधायक आशाराम नेताम ने किया आंगनबाड़ी केन्द्र बेवरती के कार्यकर्ताओं का सम्मान
परियोजना कांकेर अंतर्गत सेक्टर कोदाभाट के आंगनबाड़ी केंद्र बेवरती-2 में आंगन मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में विधायक श्री आशाराम नेताम एवं ग्राम पंचायत बेवरती के ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना एवं महतारी वंदन योजना से लाभान्वित हितग्राही श्रीमती मुकेश्वरी निषाद ने योजना से प्राप्त राशि का उपयोग स्वयं एवं अपने बच्चे के स्वास्थ्य तथा पोषण पर करने की जानकारी दी। उन्होंने शासन की योजनाओं के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विधायक श्री आशाराम नेताम ने आंगनबाड़ी केंद्र बेवरती में पदस्थ आंगनबाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती मनोरमा तिवारी एवं सहायिका श्रीमती कंचन नेताम को उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

लखनपुरी में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका एवं मितानिन सम्मानित
चारामा विकासखण्ड के ग्राम पंचायत लखनपुरी में आयोजित आंगन मिलन कार्यक्रम जिला पंचायत सदस्य एवं महिला एवं बाल विकास विभाग की सभापति श्रीमती तेजेश्वरी सिन्हा की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत लखनपुरी अंतर्गत कार्यरत सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं मितानिनों को उनके सेवाभावी कार्यों के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष चारामा श्रीमती जागेश्वरी भास्कर, जनपद सदस्य श्रीमती संतोषी सिन्हा, श्रीमती अमीता बंजारे, श्रीमती लोखनी पटेल, परियोजना अधिकारी चारामा सुश्री गंगा पोया, सेक्टर पर्यवेक्षक श्रीमती चित्रेश्वरी जैन, सुश्री निलिमा उसेण्डी, सुश्री सुनीता मंडावी, ग्राम सरपंच श्री सुरेन्द्र मरकाम, श्री निर्मल मेश्राम सहित पंचगण, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिका, मितानिन एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में परियोजना अधिकारी चारामा सुश्री गंगा पोया ने उपस्थित अतिथियों एवं ग्रामीणों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave Your Comment

Click to reload image