छत्तीसगढ़ / मुंगेली

सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में चला व्यापक स्वच्छता अभियान

 लोरमी में नागरिकों ने श्रमदान कर दिया स्वच्छता का संदेश

 सरगांव में सफाई मित्र एवं स्वच्छता दीदियों का सम्मान

मुंगेली, 02 अक्टूबर 2026

सेवा संकल्प अभियान एवं स्वच्छ भारत दिवस के अंतर्गत जिले में “स्वच्छता ही सेवा” की भावना के साथ विभिन्न नगरीय क्षेत्रों में स्वच्छता गतिविधियों का आयोजन किया गया। गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित इन कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, नागरिकों एवं स्वच्छता कर्मियों ने सहभागिता कर स्वच्छ एवं सुंदर नगरीय क्षेत्र के निर्माण का संदेश दिया। नगर पालिका परिषद लोरमी द्वारा सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत “स्वच्छता ही सेवा” घटक के तहत स्वच्छता अभियान संचालित किया गया। अभियान में शुभ पेट्रोल पंप से गांधी प्रतिमा होते हुए चार खम्भा चौक तक नागरिकों की सहभागिता से साफ-सफाई की गई। साथ ही एक पेड़ मां के नाम वृक्षारोपण किया गया। अभियान के माध्यम से सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने, कचरे का उचित निपटान करने तथा स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया गया। नागरिकों की सहभागिता ने यह दर्शाया कि स्वच्छ शहर के निर्माण में जनभागीदारी की महत्वपूर्ण भूमिका है।
         इसी क्रम में नगर पंचायत सरगांव में सेवा संकल्प अभियान एवं स्वच्छ भारत दिवस के अवसर पर स्वच्छता अभियान के साथ सफाई मित्र एवं स्वच्छता दीदियों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। नगर पंचायत अध्यक्ष श्री परमानंद साहू की सहभागिता में आयोजित कार्यक्रम में स्वच्छता कर्मियों के योगदान को सम्मानित किया गया। स्वच्छता मित्र एवं स्वच्छता दीदियां प्रतिदिन अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए नगर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उनके कार्य एवं सेवाभाव को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इन गतिविधियों के माध्यम से स्वच्छता को जनआंदोलन का रूप देने और नागरिकों की सक्रिय सहभागिता बढ़ाने पर जोर दिया गया। स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के लिए नियमित साफ-सफाई के साथ प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी और सहभागिता आवश्यक है।

Leave Your Comment

Click to reload image