आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम में मंत्री केदार कश्यप ने बच्चों और महिलाओं से किया संवाद
कोंडागांव । सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत गुरुवार को आंगनवाड़ी केंद्र स्कूलपारा गोलावंड में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें वन मंत्री केदार कश्यप मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्र में बच्चों एवं महिलाओं के पोषण और स्वास्थ्य पर संवाद किया। साथ ही बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं के पोषण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
मंत्री कश्यप ने आंगनबाड़ी केंद्र के बच्चों से बातचीत कर उनकी व्यावहारिक समझ और सीखने की क्षमता को परखा। इस दौरान बच्चों ने चित्रों के माध्यम से फल, पशु-पक्षियों सहित विभिन्न वस्तुओं की पहचान की। बच्चों के उत्साहवर्धन के लिए मंत्री ने उन्हें चॉकलेट एवं फल प्रदान किए।
उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्र पहुंची महिलाओं से भी बातचीत की और बच्चों के लिए संतुलित एवं पौष्टिक आहार सुनिश्चित करने की सलाह दी। उन्होंने आंगनवाड़ी कार्यकर्ता को निर्देशित किया कि बच्चों को केंद्र तक छोड़ने आने वाले पालकों को भी पोषण आहार और कुपोषण से बचाव के उपायों की जानकारी देते हुए उन्हें जागरूक करें, ताकि बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर में सुधार लाया जा सके।
कार्यक्रम के दौरान गर्भवती महिलाओं को पोषण का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई। इस अवसर पर पांच गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की गई तथा तीन बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया।
आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और मितानिन सहायिका सहित छह महिलाओं का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं मितानिन सहायिका सहित छह महिलाओं को उनके सेवाभाव और योगदान के लिए सम्मानित किया गया। मंत्री कश्यप ने सभी को सम्मान पत्र प्रदान कर उनके कार्यों की सराहना की तथा समाज के अंतिम व्यक्ति तक शासन की योजनाओं और सेवाओं का लाभ पहुंचाने में इसी तरह सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रोत्साहित किया।
मंत्री कश्यप ने आंगनवाड़ी केंद्र की व्यवस्थाओं एवं साफ-सफाई का अवलोकन किया और व्यवस्थाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्र को केवल सरकारी भवन के रूप में न देखें, बल्कि इसे अपने घर की तरह समझें। सभी मिलकर आंगनवाड़ी केंद्र को स्वच्छ एवं व्यवस्थित रखें, ताकि बच्चों को बेहतर वातावरण मिल सके।
शिविरों के माध्यम से अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा योजनाओं का लाभ
कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने कहा कि 17 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले में विभिन्न कार्यक्रमों एवं शिविरों का आयोजन कर लोगों को शासन की योजनाओं और सेवाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आगे भी ऐसे शिविरों के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास जारी रहेगा। शिविरों में प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता के साथ निराकरण भी किया जा रहा है।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष रीता सोरी, कोंडागांव जनपद अध्यक्ष अनिता कोर्राम, जिला पंचायत सदस्य यशोदा कश्यप, गोलावंड सरपंच अनिता बघेल, वेदबेड़ा सरपंच पिलई बघेल, रेशमा दीवान, रीता चालकी सहित जनप्रतिनिधि, जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास रेणु प्रकाश, जनपद पंचायत सीईओ उत्तम महोबिया, तहसीलदार विजय प्रताप सिंह एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।