छत्तीसगढ़ / रायपुर

भिलाई इस्पात संयंत्र को बेचने की खबरें भ्रामक, BSP ने खबरों को बताया भ्रामक

 रायपुर । भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) को बेचने की योजना से जुड़ी खबरों को संयंत्र प्रबंधन ने असत्य और भ्रामक बताया है। सोशल मीडिया तथा कुछ प्रिंट मीडिया प्रकाशनों में प्रसारित हो रहे इन दावों का इस्पात मंत्रालय ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल के माध्यम से खंडन किया है। वहीं, प्रेस सूचना ब्यूरो (पीआईबी) की फैक्ट चेक इकाई ने भी इन खबरों को झूठा और निराधार बताया है।

अपुष्ट सूचनाएं साझा न करने की अपील
भिलाई इस्पात संयंत्र ने अपने कर्मचारियों, हितधारकों और छत्तीसगढ़ की जनता से अपील की है कि वे ऐसी अपुष्ट सूचनाओं पर विश्वास न करें और न ही उन्हें आगे प्रसारित करें। संयंत्र प्रबंधन ने कहा है कि सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों पर किसी भी जानकारी को साझा करने से पहले आधिकारिक एवं प्रमाणित स्रोतों से उसकी पुष्टि अवश्य करनी चाहिए।

छत्तीसगढ़ की औद्योगिक विरासत का अहम हिस्सा
बीएसपी ने कहा कि भिलाई इस्पात संयंत्र केवल एक औद्योगिक प्रतिष्ठान नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की पहचान, गौरव और औद्योगिक विरासत का अभिन्न अंग है। स्थापना के बाद से ही संयंत्र ने राज्य के औद्योगिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

संयंत्र ने रोजगार के अवसर सृजित करने के साथ सहायक उद्योगों को प्रोत्साहन दिया है और हजारों परिवारों की आजीविका में योगदान दिया है। इसकी गौरवशाली विरासत और औद्योगिक क्षेत्र में योगदान ने इसे छत्तीसगढ़ की जनता के गौरव का प्रतीक बनाया है।

 

 

बीएसपी प्रबंधन ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी भ्रामक खबर पर भरोसा करने के बजाय आधिकारिक जानकारी पर ही विश्वास करें।

Leave Your Comment

Click to reload image