छत्तीसगढ़ / रायपुर

वृद्धजनों के साथ मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने सुनी ‘मन की बात’

 रायपुर । महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने रायपुर की मानव बस्ती स्थित शासकीय वृद्धाश्रम में वृद्धजनों के साथ प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का 139वां संस्करण सुना। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने देशवासियों से महिला शक्ति, स्वच्छता, स्थानीय उत्पादों और युवाओं की सकारात्मक भूमिका से जुड़े विषयों पर संवाद किया।
प्रधानमंत्री ने प्राकृतिक एवं जैविक खेती में महिलाओं के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि धरती मां को रासायनिक खेती के दुष्प्रभावों से बचाने में महिलाएं महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। खेती और आजीविका के क्षेत्र में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी उनके आर्थिक सशक्तिकरण के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी मजबूती देती है।
दीपावली और त्योहारों के मौसम को देखते हुए प्रधानमंत्री ने नागरिकों से स्थानीय उत्पाद खरीदने और ‘वोकल फॉर लोकल’ को प्रोत्साहित करने की अपील की। उन्होंने त्योहारों के दौरान स्वच्छता बनाए रखने और प्रदूषण कम करने का संदेश भी दिया। कार्यक्रम में जेन-ज़ी और युवाओं की सकारात्मक भूमिका पर भी चर्चा हुई।
मन की बात’ को जनभागीदारी और देश की लोकशक्ति से जुड़ने का माध्यम बताते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि इस कार्यक्रम के जरिए उन्हें हर परिवार के सदस्य की तरह देशवासियों से संवाद करने का अवसर मिलता है। कार्यक्रम के संदेश महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और स्थानीय उद्यमों को प्रोत्साहन देने की दिशा में जनसहभागिता को प्रेरित करते हैं।

Leave Your Comment

Click to reload image