छत्तीसगढ़ / रायपुर

धान खरीदी केंद्रों में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर करें सुनिश्चित: कलेक्टर

 रायपुर । कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो ने जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों, शासकीय योजनाओं की प्रगति तथा लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आम नागरिकों से जुड़े मामलों का प्राथमिकता से निराकरण करते हुए सभी शासकीय कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं। बैठक में पेंशन, मृत्यु संबंधी प्रकरण, भू-अर्जन, निर्माण कार्य, धान खरीदी की तैयारियों सहित विभिन्न विभागीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर श्री तोपनो ने कहा कि लंबित प्रकरणों के निराकरण में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। संबंधित अधिकारी प्रकरणों की नियमित समीक्षा करें और नियमानुसार समयबद्ध कार्यवाही सुनिश्चित करें, ताकि आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

कलेक्टर ने आगामी धान खरीदी की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को धान खरीदी केंद्रों में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने पर्याप्त बारदानों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा किसानों की सुविधा के अनुरूप केंद्रों में जरूरी इंतजाम दुरुस्त रखने को कहा। उन्होंने निर्देशित किया कि धान खरीदी प्रक्रिया सुव्यवस्थित एवं सुचारू रूप से संचालित हो, इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। तैयारियों में किसी भी प्रकार की कमी न रहे और किसानों को धान विक्रय के दौरान अनावश्यक परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
कलेक्टर श्री तोपनो ने जिले में संचालित निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए सभी कार्यों को गुणवत्तापूर्वक एवं निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने और कार्यों की वास्तविक प्रगति पर नजर रखने को कहा। नगरीय निकायों में आवास निर्माण की समीक्षा के दौरान अप्रारंभ आवासों का निर्माण तत्काल प्रारंभ कराने के निर्देश दिए गए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक सप्ताह आवास निर्माण की प्रगति की समीक्षा कर जानकारी प्रस्तुत करने को कहा, ताकि निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्यों को समय पर पूरा किया जा सके। कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, फसल बीमा योजना, ई-केवाईसी तथा किसानों से संबंधित आवश्यक दस्तावेजों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने पात्र किसानों की प्रक्रियाएं समय पर पूर्ण कराने तथा लंबित कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को शासन की योजनाओं का लाभ समय पर मिले। आदिवासी विकास विभाग की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने पात्र विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति समय पर उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा। वहीं, आंगनबाड़ी केंद्रों में भर्ती प्रक्रिया से संबंधित लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए उन्होंने नियमानुसार आवश्यक प्रक्रिया में तेजी लाकर प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने हर घर जल प्रमाणीकरण से संबंधित कार्यों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पूर्ण करने के निर्देश दिए। सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही शासकीय सेवाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने पात्र नागरिकों को सेवाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने पर जोर दिया। प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना की प्रगति की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर श्री अंजोर सिंह पैकरा, मुंगेली एसडीएम श्री मायानंद चंद्रा, लोरमी एसडीएम श्री अभयजीत सिंह मंडावी, पथरिया एसडीएम श्रीमती रेखा चंद्रा विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

 

 

Leave Your Comment

Click to reload image