नशे के अवैध कारोबार की जड़ तक पहुंचकर पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करें - उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा
छह माह से अधिक पुराने अर्थात 30 जून 2026 तक जब्त किए गए ऐसे सभी मादक पदार्थों का नष्टीकरण कर दिया जाए, जिनके निस्तारण की विधिक प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है। उन्होंने इस कार्य के लिए आवश्यक न्यायालयीन एवं प्रशासनिक प्रक्रियाओं को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही जब्त वाहनों के राजसातीकरण और नीलामी से संबंधित लंबित प्रकरणों का भी शीघ्र निराकरण करने को कहा।
*एनडीपीएस प्रकरणों में प्रभावी अभियोजन और शीघ्र निर्णय पर जोर*
उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने निर्देश दिए कि एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत दर्ज प्रकरणों की जांच गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से पूरी की जाए। न्यायालयों में प्रस्तुत किए जाने वाले प्रकरणों में साक्ष्यों और आवश्यक दस्तावेजों की पूर्णता सुनिश्चित की जाए, ताकि प्रभावी अभियोजन के माध्यम से दोषियों को कानून के अनुसार दंडित कराया जा सके। उन्होंने एनडीपीएस प्रकरणों की सुनवाई के लिए विशेष न्यायालयों की स्थापना की दिशा में आवश्यक प्रयास करने तथा लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के लिए संबंधित विभागों के बीच समन्वय बढ़ाने के निर्देश दिए।
*टोल फ्री नंबर 1933 का व्यापक प्रचार-प्रसार करें*
उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने नशे के विरुद्ध जनभागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने राष्ट्रीय मादक पदार्थ निषेध हेल्पलाइन 'मानस' के टोल फ्री नंबर 1933 का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए, ताकि आम नागरिक मादक पदार्थों के अवैध कारोबार से संबंधित सूचनाएं संबंधित एजेंसियों तक पहुंचा सकें। उन्होंने सभी जिलों में एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत की जा रही कार्रवाइयों और नशे के दुष्प्रभावों से संबंधित जानकारी सोशल मीडिया तथा अन्य प्रचार माध्यमों के जरिए आम जनता तक पहुंचाने को कहा। स्कूलों, कॉलेजों और युवाओं को विशेष रूप से नशा विरोधी जागरूकता अभियान से जोड़ने के निर्देश दिए।
उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा कि नशे के विरुद्ध अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देना आवश्यक है। इसके लिए पुलिस, प्रशासन और समाज के बीच समन्वय के साथ निरंतर प्रयास किए जाएं। उन्होंने सभी जिलों को उपलब्ध कराए गए विशेष दलों का प्रभावी उपयोग करते हुए नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध पूरी ताकत से कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बैठक में सचिव सुश्री नेहा चंपावत, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (गुप्तवार्ता) श्री अमित कुमार, पुलिस महानिरीक्षक श्री अंकित गर्ग सहित सभी जिलों के संबंधित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।