छत्तीसगढ़ / खैरागढ़-छुईखदान-गंडई

खैरागढ़ सरकारी अस्पताल में 4 नवंबर को निःशुल्क कैंसर रोग जांच एवं परामर्श शिविर का आयोजन

 रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल रायपुर के विशेषज्ञ चिकित्सक देंगे सेवाएं, सुबह 10:30 से दोपहर 1:30 बजे तक होगा शिविर

कैंसर की शीघ्र पहचान, जांच एवं उपचार संबंधी परामर्श का मिलेगा लाभ

खैरागढ़, 29 अक्टूबर 2026

जिले के नागरिकों को कैंसर रोग की जांच एवं विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल रायपुर एवं खैरागढ़ सरकारी अस्पताल के संयुक्त तत्वावधान में 4 नवंबर 2026, बुधवार को निःशुल्क कैंसर रोग जांच एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर खैरागढ़ सरकारी अस्पताल में सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक आयोजित होगा।
शिविर में रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल रायपुर के कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ. बबलेश महावर, डॉ. नवीन जैन एवं डॉ. रूचिर धाकड़ द्वारा मरीजों की जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया जाएगा। शिविर में सिर एवं गर्दन के कैंसर, विभिन्न प्रकार के ट्यूमर तथा कैंसर से संबंधित अन्य समस्याओं के संबंध में विशेषज्ञ मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही कैंसर की शीघ्र पहचान, आधुनिक उपचार पद्धतियों एवं दर्द निवारण संबंधी जानकारी भी दी जाएगी।
शिविर का उद्देश्य कैंसर के संभावित लक्षणों की समय पर पहचान कर मरीजों को उचित उपचार के लिए मार्गदर्शन प्रदान करना है। आयुष्मान कार्ड के माध्यम से पात्र मरीजों को नियमानुसार निःशुल्क उपचार की सुविधा भी उपलब्ध है।
जिला प्रशासन एवं अस्पताल प्रबंधन ने नागरिकों से अपील की है कि कैंसर संबंधी लक्षणों या स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे व्यक्ति इस शिविर का लाभ उठाएं। शिविर में पंजीयन एवं अधिक जानकारी के लिए निखिलेश बोरकर से मोबाइल नंबर 84355 49571 पर संपर्क किया जा सकता है।

Leave Your Comment

Click to reload image