छत्तीसगढ़ / मनेन्द्रगढ़ – चिरिमिरी – भरतपुर

राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार के लिए ग्राम पंचायत घुटरा का केंद्रीय टीम ने किया निरीक्षण

 ‘बाल हितैषी पंचायत’ थीम में नामांकन, पंचायत भवन, आंगनवाड़ी, उप स्वास्थ्य केंद्र एवं विद्यालयों के अभिलेखों का किया सत्यापन

एमसीबी/29 अक्टूबर 2026

जिला मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर के जनपद पंचायत मनेन्द्रगढ़ अंतर्गत ग्राम पंचायत घुटरा का राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार वर्ष 2023-24 के तहत ‘बाल हितैषी पंचायत’ थीम में नामांकन हुआ है। इसी क्रम में पंचायती राज मंत्रालय, नई दिल्ली के सीनियर पीपीएस सुरिंदर कुमार शर्मा एवं राष्ट्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज संस्थान (एनआईआरडी), हैदराबाद की कंसल्टेंट श्रीमती निशा बारी परनामी की संयुक्त टीम ने ग्राम पंचायत घुटरा पहुंचकर विभिन्न संस्थानों का भौतिक निरीक्षण एवं दस्तावेजों का सत्यापन किया।
निरीक्षण के दौरान केंद्रीय टीम ने ग्राम पंचायत भवन, आंगनवाड़ी केंद्र, उप स्वास्थ्य केंद्र एवं विद्यालयों में संधारित अभिलेखों का अवलोकन कर संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी ली। टीम ने बाल हितैषी पंचायत थीम के अंतर्गत बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण एवं उनके समग्र विकास से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही पंचायत स्तर पर संचालित गतिविधियों एवं उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा की। इस अवसर पर जनपद पंचायत मनेन्द्रगढ़ की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री वैशाली सिंह, जनपद पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी, ग्राम पंचायत के सरपंच, पंच, सचिव, रोजगार सहायक, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, स्वास्थ्य कार्यकर्ता, शिक्षक एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार के लिए ग्राम पंचायत घुटरा का नामांकन जिले के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह निरीक्षण पुरस्कार की मूल्यांकन प्रक्रिया का हिस्सा है, जिसके माध्यम से पंचायत स्तर पर बच्चों के हित में किए जा रहे कार्यों एवं उपलब्ध व्यवस्थाओं का सत्यापन किया जा रहा है।

Leave Your Comment

Click to reload image