छत्तीसगढ़ / रायपुर

सेवा सेतु से महज 3 दिनों में बना जाति, निवास और आय प्रमाण पत्र

 ग्राम खलबोरवा के मोहन कोसले की समय और श्रम की हुई बचत

रायपुर, 30 अक्टूबर 2026

आम नागरिकों को शासकीय सेवाओं का लाभ सरल, सुगम एवं समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जिला प्रशासन द्वारा सेवा सेतु के माध्यम से आवेदनों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है। अब नागरिकों को डिजिटल सेवा व्यवस्था के प्रभावी क्रियान्वयन से आवश्यक शासकीय दस्तावेज प्राप्त करने के लिए अनावश्यक भागदौड़ से राहत मिल रही है। इसी क्रम में मुंगेली जिले के ग्राम खालबोरवा निवासी श्री मोहन कोसले को महज 03 दिन के भीतर जाति, निवास एवं आय प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।  
     
         श्री कोसले ने अपने आवश्यक दस्तावेज प्राप्त करने के लिए अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कार्यालय स्थित सेवा सेतु केंद्र में जाति, निवास एवं आय प्रमाण पत्र हेतु आवेदन प्रस्तुत किया था। आवेदन प्राप्त होने के बाद संबंधित अधिकारियों द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए आवश्यक प्रक्रिया पूरी की गई और मात्र तीन दिनों में उनके तीनों प्रमाण पत्र तैयार कर प्रदान कर दिए गए। इस अवसर पर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) मुंगेली ने आवेदक श्री कोसले को जाति, निवास एवं आय प्रमाण पत्र सौंपे।

सेवा सेतु केन्द्र में विभिन्न डिजिटल सेवाओं का मिल रहा लाभ

         छत्तीसगढ़ शासन द्वारा नागरिक सेवाओं को अधिक सुलभ, सरल और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से पुराने लोक सेवा केंद्रों को उन्नत कर सेवा सेतु केंद्र के रूप में विकसित किया गया है। इन केंद्रों के माध्यम से आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र, विवाह पंजीयन, भवन अनुज्ञा तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग से संबंधित सेवाओं सहित 442 से अधिक डिजिटल सेवाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। इससे आवेदन प्रक्रिया सरल होने के साथ ही प्रमाण पत्रों के निराकरण में तेजी आ रही है। विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों को आवश्यक दस्तावेज प्राप्त करने में समय और श्रम की बचत हो रही है।

Leave Your Comment

Click to reload image