छत्तीसगढ़ / रायपुर

पीएम-किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त जारी, छत्तीसगढ़ के किसानों ने देखा सीधा प्रसारण

 प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने 9.34 करोड़ से अधिक किसानों के खातों में अंतरित किए 18,680 करोड़ रुपये से अधिक

बेमेतरा में आयोजित कार्यक्रम में 228 किसानों ने की सहभागिता, कृषि की आधुनिक तकनीकों और योजनाओं की दी गई जानकारी

रायपुर, 30 अक्टूबर 2026

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने 9.34 करोड़ से अधिक किसानों के खातों में अंतरित किए 18,680 करोड़ रुपये से अधिक

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त जारी होने के अवसर पर छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में किसानों के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने गुजरात के बनासकांठा से देशभर के 9.34 करोड़ से अधिक किसानों के बैंक खातों में 18,680 करोड़ रुपये से अधिक की राशि अंतरित की। कार्यक्रम के दौरान कृषि अवसंरचना कोष के अंतर्गत विकसित 521 इकाइयों का राष्ट्र को समर्पण तथा 12 हॉर्टिकल्चर क्लस्टर्स का शुभारंभ भी किया गया। इन कार्यक्रमों का सीधा प्रसारण किसानों को दिखाया गया।

इसी कड़ी में बेमेतरा के कृषि विज्ञान केंद्र में कृषि विज्ञान केंद्र एवं कृषि विभाग के संयुक्त तत्वावधान में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें मुख्य अतिथि विधायक बेमेतरा श्री दीपेश साहू, जनपद सदस्य श्री सुशील टंडन, ग्राम झाल की सरपंच श्रीमती प्रीति कमलेश वर्मा सहित कुल 228 किसानों ने सहभागिता की। किसानों ने प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा और कृषि एवं किसान कल्याण से जुड़ी विभिन्न पहलों की जानकारी प्राप्त की।

कार्यक्रम के प्रारंभ में कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. जितेंद्र जोशी ने स्वागत उद्बोधन दिया। उन्होंने किसानों को बेलर मशीन (ठंसमत डंबीपदम) के महत्व और उपयोगिता की जानकारी देते हुए बताया कि इस मशीन के माध्यम से धान की पराली को छोटे-छोटे गट्ठरों में परिवर्तित किया जा सकता है। इससे फसल अवशेषों का उचित प्रबंधन करने और पराली जलाने की समस्या को कम करने में मदद मिलती है।

सह संचालक कृषि डॉ. श्याम लाल साहू ने कहा कि खेती-किसानी में छोटी-सी आर्थिक सहायता भी किसानों के लिए बड़ा सहारा बनती है। पीएम-किसान सम्मान निधि की राशि से किसान अपनी कृषि संबंधी आवश्यकताओं को पूरा करने में मदद प्राप्त कर सकते हैं। विशिष्ट अतिथि डॉ. ए.के. सिंह एवं रवेंद्र सिंह वर्मा कृषि महाविद्यालय, ढोलिया के अधिष्ठाता ने किसानों से शासन की विभिन्न कृषि एवं किसान कल्याणकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ लेने की अपील की।

कार्यक्रम के माध्यम से किसानों को सम्मान निधि के साथ-साथ आधुनिक कृषि तकनीकों, फसल अवशेष प्रबंधन और कृषि अवसंरचना से जुड़ी पहलों की जानकारी दी गई। इस तरह पीएम-किसान उत्सव दिवस किसानों को योजनाओं से जोड़ने और वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों के प्रति जागरूक करने का अवसर बना।

Leave Your Comment

Click to reload image