सेवा सेतु पोर्टल की 600 से अधिक सेवाओं के संचालन को लेकर ऑपरेटरों को दिया गया प्रशिक्षण
नागरिकों को एक ही पोर्टल पर मिलेंगी विभिन्न विभागों की सेवाएं, समय-सीमा में होगा आवेदनों का निराकरण
रायगढ़, 30 अक्टूबर 2026
नागरिकों को शासकीय सेवाओं का लाभ सरल, सुगम और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आज कलेक्टोरेट के सृजन सभाकक्ष में सेवा सेतु पोर्टल के सभी ऑपरेटरों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में आय, जाति, निवास एवं विवाह प्रमाण पत्र सहित पोर्टल पर उपलब्ध 600 से अधिक शासकीय सेवाओं की प्रक्रिया और उनके प्रभावी संचालन की जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से नागरिकों को विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही मंच पर उपलब्ध कराई जा रही हैं। इससे अलग-अलग कार्यालयों में जाने की आवश्यकता कम होगी और नागरिक एक ही स्थान से अपनी आवश्यकता के अनुसार सेवाओं के लिए आवेदन कर सकेंगे। नागरिक स्वयं भी पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। प्राप्त आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने की व्यवस्था की गई है।
इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी भी उपस्थित रहे। उन्होंने ऑपरेटरों को आवेदन प्राप्त करने, संबंधित विभाग तक आवेदन पहुंचाने, आवश्यक दस्तावेजों की जांच तथा आवेदनों के समयबद्ध निराकरण की प्रक्रिया समझाई। साथ ही ऑपरेटरों और विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों के बीच बेहतर समन्वय एवं आपसी सामंजस्य बनाए रखने पर जोर दिया गया, ताकि किसी भी आवेदन के निराकरण में अनावश्यक विलंब न हो। ईडीएम श्री अनुपेन्द्र प्रधान ने बताया कि प्रशिक्षण का उद्देश्य सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से शासकीय सेवाओं की पहुंच आम नागरिकों तक आसान बनाना, आवेदन प्रक्रिया को पारदर्शी बनाना तथा समय-सीमा में सेवाएं उपलब्ध कराना है। पोर्टल के प्रभावी क्रियान्वयन से नागरिकों को एक ही मंच पर विभिन्न विभागों की सेवाओं का लाभ मिल सकेगा।