छत्तीसगढ़ / बेमेतरा

जिले में धान खरीदी ने पकड़ी रफ्तार, 16 नवंबर तक 4,378 मीट्रिक टन से अधिक धान की खरीदी

 बेमेतरा प्रदेश में सबसे अधिक धान खरीदी करने वाले टॉप-3 जिलों में शामिल

बेमेतरा नवंबर 2026

खरीफ वर्ष 2026-27 में बेमेतरा जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य तेजी से चल रहा है। जिले के किसानों में खरीदी को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है और उपार्जन केन्द्रों पर सुबह से ही किसानों की आवक बनी हुई है।

मार्कफेड से प्राप्त 16 नवंबर 2026 तक की रिपोर्ट के अनुसार बेमेतरा जिले में अब तक 4,378.68 मीट्रिक टन धान की खरीदी हो चुकी है। इसके साथ ही बेमेतरा प्रदेश में सबसे अधिक धान खरीदी करने वाले टॉप-3 जिलों में शामिल हो गया है।

140 केन्द्रों पर शुरू हुई खरीदी

जिले में 140 उपार्जन केन्द्रों पर धान की खरीदी प्रारंभ हो चुकी है। सभी केन्द्रों पर तौल, बारदाना, नमी मापक यंत्र और भुगतान की व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं।

अधिकारियों के अनुसार खरीदी प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी तरीके से की जा रही है। किसानों को टोकन के अनुसार धान बेचने के लिए बुलाया जा रहा है, ताकि उन्हें लंबा इंतजार न करना पड़े।

किस किस्म का कितना धान खरीदा गया धान खरीदी केंद्रों में मोटा 3,012.08 टन, पतला 1,362.60 टन, सरना 4.00 टन धान की खरीदी हुई है। कुल योग 4,378.68 टन धान खरीदी हुई है।
जिले में सबसे अधिक मोटा धान की खरीदी हुई है, जबकि पतला धान भी बड़ी मात्रा में केन्द्रों पर पहुंच रहा है।

प्रदेश में बेमेतरा की स्थिति

प्रदेश में अब तक कुल 54,686.80 मीट्रिक टन धान की खरीदी हुई है, जिसमें अकेले बेमेतरा का योगदान लगभग 8 प्रतिशत है।

किसानों में खुशी, प्रशासन अलर्ट

धान खरीदी शुरू होने से किसानों में खुशी का माहौल है। किसानों का कहना है कि इस बार केन्द्रों पर व्यवस्था पहले से बेहतर है और भुगतान भी समय पर होने की उम्मीद है।

कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने सभी समिति प्रबंधकों को निर्देश दिए हैं कि खरीदा गया धान सुरक्षित भंडारण में रखा जाए और किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो। आने वाले दिनों में खरीदी और तेज होने की संभावना है।

Leave Your Comment

Click to reload image