प्रशासन की उदासीनता आखिर कब तक? हादसों के बाद भी नहीं जाग रहा प्रशासन
बिलासपुर |
2026-11-19 11:33:33
बिलासपुर। शहर के राजीव गांधी चौक पर एक बार फिर कार पलटने की घटना ने यातायात व्यवस्था और प्रशासनिक लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। महाराणा प्रताप चौक ओवरब्रिज से उतरते समय एक कार अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसमें एक युवक के घायल होने की खबर है।
सबसे गंभीर बात यह है कि इस स्थान पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं को लेकर समाजसेवी एवं नागरिक सुरक्षा मंच के संस्थापक व अध्यक्ष अमित तिवारी पहले ही प्रशासन को आगाह कर चुके हैं। उन्होंने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर राजीव गांधी चौक के पास स्थित डिवाइडर को हटाने की मांग की थी, ताकि दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
इसके बावजूद अब तक प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। नतीजा यह है कि चौक पर हादसों का सिलसिला लगातार जारी है। नवंबर 2025 में तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराकर करीब छह बार पलट गई थी, जिसमें एक व्यवसायी की मौत हो गई थी। जनवरी 2024 में भी इसी स्थान पर कार पलटने से एक युवक की मौत हुई थी, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हुआ था। अक्टूबर 2026 में भी इसी चौक पर कार पलटने की घटना सामने आई थी।
लगातार हो रहे हादसों के बावजूद यदि जिम्मेदार अधिकारी केवल घटनाओं के बाद मौके का निरीक्षण करने तक सीमित रहते हैं और स्थायी समाधान नहीं करते, तो यह व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
अमित तिवारी ने प्रशासन से सवाल करते हुए कहा कि जब संभावित दुर्घटनाओं को लेकर पहले ही प्रशासन को अवगत कराया जा चुका था और डिवाइडर हटाने की मांग की गई थी, तो अब तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई? क्या प्रशासन किसी और बड़ी जनहानि का इंतजार कर रहा है?
नागरिक सुरक्षा मंच की मांग है कि राजीव गांधी चौक के डिवाइडर की तत्काल तकनीकी जांच कराई जाए। यदि डिवाइडर दुर्घटनाओं का कारण बन रहा है तो उसे हटाया जाए अथवा यातायात की स्थिति के अनुरूप उसका पुनर्निर्माण किया जाए, ताकि भविष्य में किसी और निर्दोष की जान खतरे में न पड़े।
आखिर प्रशासन की उदासीनता की कीमत आम नागरिक कब तक अपनी जान देकर चुकाते रहेंगे